नागपुर-उमरेड हाईवे पर चलती बस में अचानक भड़की आग, कुछ ही देर में जलकर हुई खाक; 30 से ज्यादा यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

महाराष्ट्र में नागपुर से मुल जा रही एक निजी यात्री बस में सोमवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर खाक हो गई। हालांकि, बस में सवार 30 से 35 यात्रियों ने समय रहते नीचे उतरकर अपनी जान बचा ली। यात्रियों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है।
पेट्रोल पंप के पास अचानक लगी आग
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब 5:20 बजे उमरेड-नागपुर हाईवे पर चंपा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुई। अंजलि ट्रैवल्स की निजी बस (MH 12 KQ 1610) शाम करीब 5 बजे नागपुर से मुल के लिए रवाना हुई थी। बस उमरेड के रास्ते मुल जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस में आग की लपटें उठने लगीं।
समय रहते बस से उतरे सभी यात्री
बस में अचानक आग लगने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सभी यात्रियों ने तुरंत बस खाली कर दी। महिलाओं और बच्चों समेत 30 से 35 यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर खाक हो गई।
दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही उमरेड दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। आपातकालीन सेवाओं की कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य की गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
घटना को लेकर पचगांव पुलिस ने संज्ञान लिया है और मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पचगांव पुलिस स्टेशन के प्रभारी रविंद्र मानकर की निगरानी में मामले की आगे जांच की जा रही है।




















