Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

वॉशिंगटन में ईरान के हमले का डर! डर्टी बम की आशंका से बढ़ी अमेरिका की चिंता

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि ईरान वॉशिंगटन में ट्रंप प्रशासन के बड़े अधिकारियों को निशाना बनाने की योजना पर विचार कर सकता है। रिपोर्ट में डर्टी बम और रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। इसके बाद अमेरिकी एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
 वॉशिंगटन में ईरान के हमले का डर! डर्टी बम की आशंका से बढ़ी अमेरिका की चिंता
अमेरिका में डर्टी बम हमले का डर

वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक नई खबर ने अमेरिकी सरकार की चिंता बढ़ा दी है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ऐसी जानकारी मिली है कि ईरान वॉशिंगटन डीसी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार के बड़े अधिकारियों को निशाना बनाने के बारे में सोच रहा है। इसके लिए डर्टी बम या रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई गई है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, सात अमेरिकी अधिकारियों ने इस जानकारी की पुष्टि की है। हालांकि, अभी हमले का कोई पक्का फैसला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद अमेरिकी एजेंसियां सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गई हैं।

डर्टी बम हमले की खबर से सतर्क हुईं एजेंसियां

CNN की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को कुछ ऐसी जानकारी मिली है, जिसमें वॉशिंगटन के संभावित ठिकानों और निशाने पर रखे जा सकने वाले लोगों का जिक्र है। इस जानकारी के बाद पिछले सप्ताह से अमेरिकी अधिकारियों की कई बैठकें हुई हैं। इन बैठकों में चर्चा की गई कि अगर देश के भीतर इस तरह का हमला होता है तो उससे कैसे निपटा जाए।

इमरान खान ने जेल से लिखी चिट्ठी: शायद जिंदा वापस न लौट सकूं, बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी जाने का भी जताया खतरा

व्हाइट हाउस ने क्या कहा?

इस मामले पर व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन सभी संभावित खतरों पर नजर रख रहा है। हालांकि, फिलहाल अमेरिका की मुख्य भूमि पर किसी भरोसेमंद खतरे की जानकारी नहीं है। अमेरिकी सरकार ने लोगों को डराने वाली किसी भी खबर पर बिना पुष्टि के भरोसा न करने की बात कही है।

स्कॉट बेसेंट की सुरक्षा बढ़ाई गई

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि संभावित खतरे को देखते हुए अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट को पिछले सप्ताह सैन्य आवास में पहुंचा दिया था। उनकी सुरक्षा को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं।

क्या होता है डर्टी बम?

डर्टी बम एक ऐसा बम होता है, जिसमें आम विस्फोटक के साथ रेडियोधर्मी पदार्थ मिलाया जाता है। इसके फटने से आसपास के इलाके में रेडियोधर्मी कण फैल सकते हैं। इससे लोगों की सेहत और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। यह परमाणु बम से अलग होता है और इसमें परमाणु विस्फोट नहीं होता। इसका असर धमाके और रेडियोधर्मी पदार्थों के फैलने से होता है।

ईरान ने आरोपों को बताया झूठा

ईरान ने रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। संयुक्त राष्ट्र में ईरान के मिशन के प्रवक्ता ने कहा कि उनका देश किसी भी हालत में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल का समर्थन नहीं करता। उन्होंने इन आरोपों को झूठा बताया।

अमेरिका में बैंकिंग-हवाई सेवाओं पर तकनीकी संकट, जेपी मॉर्गन, वेल्स फार्गो, Zelle और यूनाइटेड एयरलाइंस प्रभावित

पश्चिम एशिया में तैनात अमेरिकी सैनिक भी अलर्ट

अमेरिकी एजेंसियां केवल वॉशिंगटन ही नहीं बल्कि पश्चिम एशिया में तैनात अपने सैनिकों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क हैं। अधिकारियों की ओर से सैनिकों और राजनयिक कर्मचारियों के सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा रही है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts