Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

म्यांमार में बाजार के पास बरसीं बमों की बारिश! एयरस्ट्राइक में 49 लोगों की मौत, 58 घायल

म्यांमार के पश्चिमी रखाइन राज्य में सेना के हवाई हमले ने एक बाजार को खून से लाल कर दिया। क्याउक्ताव इलाके में हुए हमले में कम से कम 49 लोगों की मौत और 58 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। अराकान आर्मी के मुताबिक, हमले के वक्त बाजार में दुकानदार, खरीदार और राहगीर मौजूद थे।
 म्यांमार में बाजार के पास बरसीं बमों की बारिश! एयरस्ट्राइक में 49 लोगों की मौत, 58 घायल
म्यांमार बाजार पर एयरस्ट्राइक से तबाही

बैंकॉक। म्यांमार के रखाइन राज्य में सोमवार को हुए हवाई हमले के बाद भारी तबाही का मंजर सामने आया है। अराकान आर्मी और स्थानीय बचाव अधिकारियों के अनुसार, क्याउक्ताव टाउनशिप में एक बाजार के पास हुए हमले में 49 लोगों की जान गई, जबकि 58 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 22 की हालत गंभीर बताई गई है। हमला उस इलाके में हुआ, जहां अराकान आर्मी का नियंत्रण है। बाजार को रखाइन क्षेत्र का बड़ा थोक केंद्र बताया गया है, जहां आसपास के इलाकों से व्यापारी और ग्राहक पहुंचते थे। घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

बाजार के पास दो बम गिरने का दावा

अराकान आर्मी ने मंगलवार को जारी बयान में दावा किया कि दोपहर के समय एक लड़ाकू विमान ने स्थानीय बाजार के पास दो बम गिराए। संगठन के अनुसार, हमले की चपेट में दुकानदारों के साथ खरीदारी करने आए लोग और सड़क से गुजर रहे लोग भी आए। इस हमले में 58 लोगों के घायल होने की बात कही गई है। इनमें 22 लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।

Goldy Brar पर FBI का शिकंजा, Most Wanted लिस्ट में नाम! गिरफ्तारी पर 10 लाख डॉलर का इनाम

रखाइन के बड़े बाजार में मची तबाही

स्थानीय बचाव अधिकारी वाई हुन आंग ने घटनास्थल पर मौजूद राहतकर्मियों के हवाले से मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यह बाजार इलाके का प्रमुख थोक केंद्र था। यहां रखाइन के अलग-अलग हिस्सों से व्यापारी और खरीदार पहुंचते थे। हमले के बाद सामने आई तस्वीरों और वीडियो में कुछ इमारतों में आग, क्षतिग्रस्त वाहन और पास के पुल का हिस्सा टूटा हुआ दिखाई दिया।

इलाके पर अराकान आर्मी का नियंत्रण

हमला क्याउक्ताव टाउनशिप में हुआ, जो मांडले से करीब 340 किलोमीटर पश्चिम में है। इस इलाके पर अराकान आर्मी का नियंत्रण है। यह रखाइन क्षेत्र का एक ताकतवर जातीय सशस्त्र संगठन है, जो राज्य के जातीय अल्पसंख्यकों के लिए ज्यादा स्वायत्तता की मांग करता है। संगठन ने नवंबर 2023 में रखाइन में बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया था और इसके बाद राज्य के कई इलाकों पर उसका कब्जा बढ़ा है।

सेना ने हमले पर क्या कहा?

हमले के तुरंत बाद म्यांमार की सेना की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। सेना पहले कहती रही है कि उसके हवाई हमले वैध सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए जाते हैं। वहीं, अराकान आर्मी ने इस हमले की निंदा करते हुए जिम्मेदार लोगों और संगठनों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। दोनों पक्षों के दावों के बीच इस घटना की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है।

2021 के बाद से जारी है गृह संघर्ष

म्यांमार में फरवरी 2021 में सेना द्वारा निर्वाचित सरकार से सत्ता अपने हाथ में लेने के बाद संघर्ष लगातार बढ़ा है। सेना के खिलाफ लोकतंत्र समर्थक समूहों और अलग-अलग जातीय सशस्त्र संगठनों ने हथियारबंद लड़ाई शुरू की। रखाइन भी इस संघर्ष से बुरी तरह प्रभावित रहा है। लड़ाई बढ़ने के साथ व्यापार मार्गों पर प्रतिबंधों ने स्थानीय लोगों के लिए भोजन की कमी जैसी परेशानियां भी बढ़ाई हैं।

भारत का Essar अमेरिका में रचेगा स्टील का नया इतिहास, Trump ने किया 15 अरब डॉलर के मेगा प्रोजेक्ट का ऐलान

रखाइन में पहले भी हो चुके हैं बड़े हमले

रखाइन में इससे पहले भी सैन्य हवाई हमलों में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की खबरें सामने आती रही हैं। दिसंबर में म्राउक-यू टाउनशिप के एक अस्पताल पर हुए हवाई हमले में कम से कम 34 लोगों की मौत और 80 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई थी। ताजा हमले ने क्षेत्र में चल रहे संघर्ष और आम लोगों पर पड़ रहे उसके असर को फिर सामने ला दिया है। 

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...Read More

Latest Posts