भोपालमध्य प्रदेश

जयश्री राम लिखने पर मुस्लिम युवक की घर में घुसकर पिटाई, विधायक रामेश्वर शर्मा बोले- ये राम का देश है यहां लिखा भी जाएगा और बोला भी जाएगा

भोपाल। बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा की फेसबुक पोस्ट के कमेंट में ‘जय श्रीराम’ लिखने पर मुस्लिम शख्स को उसके समुदाय के लोगों ने घर में घुसकर पीटा और तोड़फोड़ की। इस पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। विधायक शर्मा ने कहा कि राम का विरोध करने वालों अब भी संभल जाओ। इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आरोपियों पर कार्रवाई होगी।

ये भी पढ़ें: हादसा या आत्महत्या! भदभदा पुल के पास मिला युवक का शव, 2 दिन से तलाश रहे थे गोताखोर

सबको जय श्रीराम बोलना होगा : रामेश्वर शर्मा

फेसबुक पर जय श्रीराम लिखने पर युवक की पिटाई के मामले में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। विधायक शर्मा ने कहा कि राम का देश है जय श्रीराम सबको बोलना है आज नहीं तो कल, और जो लोग जय श्रीराम का विरोध करते थे कल वो भी राम की शरण में घुटने टेक चुके हैं। अब राम का प्रमाण मांगने वाले भी राम बोलने लगे हैं। जो राम का विरोध करते थे वो भी राम बोलने लगे हैं। साथ ही फेसबुक पर जो कोई भी जय श्रीराम लिखता है तो तथाकथित लोग उसे डराते हैं तो मेरा उनसे भी कहना है कि समझ जाओ होश में रहो।

विधायक रामेश्वर शर्मा ने आगे कहा कि राम का विरोध हिन्दुस्तान में तो क्या विश्व में कहीं नहीं कर सकते। अब तो मुस्लिम देश भी भगवान का स्मरण कर रहा है। राम सृष्टि के महानायक है। राम मर्यादा पुरुषोत्तम है। राम ही मानवीय संस्कृति का रक्षक है। इसलिए जय श्री राम सब बोलेंगे। किसी के साथ मारपीट करने की घटना को कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जय श्रीराम लिखा भी जाएगा और बोला भी जाएगा। जय श्रीराम बोलने वाले को कोई डांट भी देगा तो भी एक्शन होगा। इस मामले पर जांच के निर्देश दे दिए गए है।

क्या है मामला?

राजधानी में हुजूर क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा की फेसबुक पोस्ट के कमेंट में ‘जय श्रीराम’ लिखने पर मुनव्वर नामक एक व्यक्ति को उसके समाज के लोगों के घर में घुसकर पीटा और तोड़फोड़ कर दी। उसे कौम का गद्दार भी कहा। मुनव्वर का आरोप है कि उसके मासूम बच्चे के साथ भी मारपीट की गई। कोकता में रहने वाले मुनव्वर पेशे से कारपेंटर है। उसका कहना है कि वह भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का समर्थक है। विधायक की पोस्ट पर जय श्रीराम के कमेंट और लाइक करने पर उसके साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद विधायक रामेश्‍वर शर्मा ने बिलखिरिया थाना प्रभारी को कार्रवाई के लिए कहा है। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी, लेकिन किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी।

10–15 लोगों ने घर में घुसकर की मारपीट

कारपेंटर मुनव्वर के पड़ोसी सोहेल अहमद ने उसका कमेंट पढ़कर मोहल्ले में ये बात फैला दी कि वह हिंदूवादी नेताओं का साथ देता है। वह कौम के साथ गद्दारी कर रहा है। मुनव्वर का आरोप है कि बुधवार शाम को मीटिंग करने के बाद सोहेल और उसके साथ 10–15 अन्य लोग उसके घर में घुस गए। उन्‍होंने उसके व उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। घर का सामान भी बाहर फेंक दिया। मुनव्वर के बेटे ने डायल-100 को सूचना दी। पुलिस मोहल्ले में आई, लेकिन उसके घर नहीं आई।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button