मुंबई में बारिश का कहर!24 घंटे की बारिश में डूबे रेलवे ट्रैक, सड़कों पर तैरने लगे वाहन, IMD का रेड अलर्ट

देश की मायानगरी मुंबई में मानसून ने जोरदार दस्तक के साथ कहर बरपाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही भारी बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब भर गई हैं, जबकि रेलवे ट्रैक तक पानी में डूब गए हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
बांद्रा, अंधेरी, दादर, कुर्ला, मीरा रोड और भायंदर समेत कई इलाकों में भारी जलभराव देखने को मिला। कई जगहों पर वाहन पानी में फंस गए और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
300 मिमी से ज्यादा बारिश, कई इलाकों में जलभराव
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, मंगलवार सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 7 बजे तक मुंबई में 300 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी उपनगरों में करीब 190 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। भारी बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। हिंदमाता, माटुंगा, अंधेरी, कुर्ला और दादर जैसे इलाकों में सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया। जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अंधेरी के अंडरपास बंद, ट्रैफिक डायवर्ट
बारिश के कारण अंधेरी के कुछ अंडरपास पूरी तरह पानी में डूब गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए BMC ने इन अंडरपास को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। नगर निगम ने मौके पर कर्मचारियों की तैनाती की है ताकि लोगों को सुरक्षित रास्तों की जानकारी दी जा सके। कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पानी निकलने के बाद ही अंडरपास को फिर से खोला जाएगा।
रेलवे ट्रैक पर भरा पानी, ट्रेन सेवाएं प्रभावित
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा भी बारिश के असर से अछूती नहीं रही। लगातार बारिश के कारण दादर स्टेशन सहित कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक पानी में डूब गए। ट्रांस हार्बर रेलवे लाइन पर पानी भरने के कारण ट्रेन सेवाओं को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। कई ट्रेनों की रफ्तार धीमी कर दी गई, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
IMD का रेड अलर्ट, अगले कुछ घंटे भारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और पालघर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि आने वाले घंटों में गरज-चमक के साथ बेहद भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा ठाणे में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में फिर उठीं लपटें! उद्योग भवन के पास भड़की भीषण आग, 200 आशियाने जलकर खाक, घंटों तक चला रेस्क्यू
तेज रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इसके साथ ही बिजली गिरने और गरज-चमक की घटनाएं भी हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से पेड़ों, बिजली के खंभों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
मुंबई समेत कई जिलों में बारिश का असर
मुंबई ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के कई अन्य जिलों में भी लगातार बारिश हो रही है। ठाणे, पालघर, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग में भी मौसम खराब बना हुआ है। कई जिलों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश से जाम हुई मुंबई
भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर यातायात व्यवस्था पर देखने को मिला। कई प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग गया। ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों और स्कूल-कॉलेज के छात्रों को काफी परेशानी हुई। कई जगहों पर बसें और निजी वाहन पानी में फंस गए। सोशल मीडिया पर भी जलभराव और ट्रैफिक जाम की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग प्रशासन से जलनिकासी व्यवस्था बेहतर करने की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: लखनऊ अग्निकांड में कोर्ट सख्त: 4 आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, सीने में दर्द की दलील फेल
प्रशासन अलर्ट मोड पर
मुंबई महानगरपालिका, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। जलभराव वाले इलाकों में पंप लगाकर पानी निकालने का काम जारी है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
आने वाले दिनों में राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। मानसून की यह शुरुआत ही मुंबई के लिए बड़ी चुनौती बन गई है और आने वाले दिनों में हालात पर सबकी नजर बनी रहेगी।











