पहलगाम आतंकी हमले में MP के LIC अधिकारी की मौत, परिजनों ने कहा- हत्यारे आतंकियों का हो खात्मा

भोपाल/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले ने सिर्फ एक जिंदगी नहीं छीनी, बल्कि एक खुशहाल परिवार को गम और सदमे में डुबो दिया। इस हमले में मध्यप्रदेश के अलीराजपुर में पदस्थ एलआईसी अधिकारी सुशील नथानियल (58) की मौत हो गई। वे ईस्टर की छुट्टियों पर अपने परिवार के साथ कश्मीर घूमने गए थे। हमले के बाद न सिर्फ उनका परिवार, बल्कि पूरा इंदौर शोक में डूबा है।
धार्मिक पहचान पूछकर मारी गोली
सुशील की ममेरी बहन इंदु डावर ने बताया कि हमलावरों ने नथानियल की धार्मिक पहचान पूछी और ईसाई होने के चलते उनके सिर में गोली मार दी। “वे अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने गए थे। हमें न्याय चाहिए। हत्यारे आतंकियों को सजा मिलनी चाहिए,” उन्होंने कहा। परिवार की दूसरी सदस्य जेमा विकास ने कहा, “ईस्टर जैसा पवित्र त्योहार मनाने कश्मीर गए सुशील जी की मौत ने हमें हिलाकर रख दिया है। त्योहार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।”
परिवार में मातम, बेटी घायल
हमले में नथानियल की बेटी आकांक्षा (35) के पैर में गोली लगी, जो अभी जम्मू-कश्मीर में इलाजरत हैं। हमले के वक्त नथानियल की पत्नी जेनिफर (54) और बेटा ऑस्टिन उर्फ गोल्डी (25) भी साथ थे, जो सुरक्षित तो हैं, लेकिन गहरे सदमे में हैं।





















