MP News:MPPSC मुख्य परीक्षा के शेड्यूल में बदलाव, 8 से 13 अगस्त तक होंगे पेपर; 25 जून से 15 जुलाई तक होंगे आवेदन

इंदौर। पहले जारी कार्यक्रम में अंतिम दो पेपर UPSC मुख्य परीक्षा से टकरा रहे थे। अभ्यर्थियों की मांग के बाद आयोग ने बैठक कर नया शेड्यूल जारी किया। संशोधित कार्यक्रम के साथ आवेदन और एडमिट कार्ड की तारीखें भी तय कर दी गई हैं।
UPSC परीक्षा से हो रहा था टकराव
आयोग ने शुक्रवार को जो शेड्यूल जारी किया था, उसमें अंतिम दो पेपर UPSC मुख्य परीक्षा की तिथियों से टकरा रहे थे। 21 अगस्त से UPSC मेंस शुरू होने के कारण अभ्यर्थियों ने इस पर आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद आयोग ने मामले की समीक्षा की। शनिवार को आयोजित बैठक में परीक्षा तिथियों में बदलाव का फैसला लिया गया।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान: बैक-टू-बैक बम धमाके में 7 लोगों की मौत, घायलों की मदद करने पहुंचे लोगों को भी बनाया निशाना
हाईकोर्ट के आदेश के बाद घोषित हुई थीं तिथियां
18 जून को हाईकोर्ट के आदेश के बाद आयोग ने परीक्षा 17 अगस्त से 22 अगस्त तक कराने का कार्यक्रम जारी किया था। हालांकि UPSC परीक्षा से टकराव सामने आने के बाद शेड्यूल में संशोधन करना पड़ा। आयोग ने परीक्षा को आगे बढ़ाने के बजाय पहले आयोजित करने का निर्णय लिया। अब परीक्षा 8 अगस्त से 13 अगस्त तक होगी।
25 जून से 15 जुलाई तक होंगे आवेदन
बता दें कि मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 जून से 15 जुलाई तक चलेगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए आवेदन करना अनिवार्य रहेगा। आवेदन एमपी ऑनलाइन और आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किए जा सकेंगे। फॉर्म में त्रुटि सुधार के लिए 30 जून से 17 जुलाई तक का समय दिया गया है।
ये भी पढ़ें: सतना: शराब के लिए पैसे ना देने पर युवक पर चाकू से हमला, 5 हजार रुपए लूटे; पुलिस जांच में जुटी
158 पदों पर होगी भर्ती
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार एडमिट कार्ड 3 अगस्त से ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। इस परीक्षा के माध्यम से प्रदेश में कुल 158 पदों पर भर्ती की जाएगी। करीब 4000 अभ्यर्थी लंबे समय से इस परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं।












