Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP Weather Update : प्रदेश में ठंड और बूंदाबांदी का दौर शुरू, पूर्वी जिलों में हल्की बारिश; भोपाल-इंदौर की रातें रहेंगी ठंडी

MP Weather Update : प्रदेश में ठंड और बूंदाबांदी का दौर शुरू, पूर्वी जिलों में हल्की बारिश; भोपाल-इंदौर की रातें रहेंगी ठंडी
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम बदल गया है। एक ओर जहां पूर्वी जिलों में बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश हो रही है, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी हिस्सों में ठंडी हवाओं का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने मंडला, बालाघाट, अनूपपुर और डिंडौरी में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे शहरों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

    पूर्वी जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट

    मौसम विभाग के अनुसार, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर और डिंडौरी में सोमवार को हल्की बारिश होगी। आने वाले तीन दिनों तक इन जिलों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बूंदाबांदी होने की संभावना है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि, इस समय कोई बड़ा रेन सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए तेज बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, लोकल सिस्टम की एक्टिविटी के चलते बारिश का सिलसिला बना रहेगा।

    भोपाल-इंदौर में रातें ठंडी

    उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद उत्तर से ठंडी हवाएं मध्यप्रदेश पहुंच चुकी हैं। इसका असर प्रदेश के कई शहरों में देखने को मिल रहा है।

    • इंदौर में रात का तापमान 14°C तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का सबसे कम है।
    • भोपाल और उज्जैन में न्यूनतम तापमान 17°C दर्ज किया गया है।
    • ग्वालियर में 18.2°C, जबकि बैतूल में 16.8°C रहा।

    मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, ठंडी हवाओं की वजह से आने वाले दिनों में सुबह और रातें और भी ठंडी होंगी।

    मानसून विदाई की उलटी गिनती शुरू

    प्रदेश के 40 से ज्यादा जिलों से मानसून की विदाई हो चुकी है। इनमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, सीहोर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम और बैतूल शामिल हैं। हालांकि, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, जबलपुर और छिंदवाड़ा में मानसून अब भी सक्रिय है। मौसम विभाग का कहना है कि, अगले 2 से 3 दिनों में पूरे प्रदेश से मानसून के लौटने की परिस्थितियां अनुकूल हैं।

    कहां कितनी हुई बारिश

    • इस सीजन में गुना सबसे ज्यादा बारिश वाला जिला रहा, जहां 65.6 इंच पानी गिरा।
    • इसके बाद मंडला और रायसेन में 62 इंच से अधिक, जबकि श्योपुर और अशोकनगर में 56 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज हुई।
    • सबसे कम बारिश वाले जिलों में शाजापुर (28.9 इंच), खरगोन (29.6 इंच), खंडवा (32 इंच), बड़वानी (33.5 इंच) और धार (33.6 इंच) शामिल हैं।

    अगले 2 दिन का मौसम पूर्वानुमान

    14 अक्टूबर: छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में हल्की बारिश का अलर्ट। बाकी जिलों में साफ आसमान और धूप खिलने की संभावना।

    15 अक्टूबर: हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल और पूर्वी जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। पश्चिमी जिलों में दिन में तेज धूप और रात में ठंडक बढ़ेगी।

    पंचमढ़ी से भी ठंडा रहा भोपाल

    राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 17.8°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। दिलचस्प बात यह है कि भोपाल का तापमान पंचमढ़ी (18°C) से भी कम रहा। मौसम विभाग का कहना है कि, इस बार ठंड ने सामान्य से करीब 20 दिन पहले दस्तक दे दी है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

    Latest Posts