MP Weather Update :आज पूरे प्रदेश में लू चलेगी ; खजुराहो का तापमान रिकॉर्ड 47.4°C पर पहुंचा, 7 जिलों में रेड अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश इस वक्त भीषण गर्मी की चपेट में है। प्रदेश के कई शहर भट्ठी की तरह तप रहे हैं और सूरज की तेज तपिश ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। बुधवार को प्रदेश के 16 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सबसे ज्यादा गर्मी बुंदेलखंड और ग्वालियर-चंबल इलाके में दर्ज की गई।
खजुराहो बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर
खजुराहो में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह इस सीजन ही नहीं, बल्कि मई महीने का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान माना जा रहा है। इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को यहां 46.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ था।
खजुराहो देश का दूसरा और दुनिया का चौथा सबसे गर्म शहर भी रहा। देश में सिर्फ बांदा इससे ज्यादा गर्म रहा, जहां 48.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
यह भी पढ़ें: MP Weather Update : 46.8°C के साथ खजुराहो सबसे गर्म, 22 शहरों में पारा 44°C के पार; अभी और बढ़ेगी गर्मी
किन शहरों में सबसे ज्यादा गर्मी?
खजुराहो – 47.4°C
नौगांव – 46.6°C
दमोह – 46°C
मंडला – 45.6°C
सतना – 45.3°C
मुरैना – 45°C
इन शहरों में पारा 44 डिग्री के पार पहुंचा
रीवा
सागर
दतिया
टीकमगढ़
रायसेन
नरसिंहपुर
उमरिया
बड़े शहरों का हाल
जबलपुर – 44.9°C
ग्वालियर – 44.3°C
भोपाल – 42.6°C
उज्जैन – 42°C
इंदौर – 41.1°C
क्यों बदल गया मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक इस समय उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं लगातार मध्य प्रदेश की ओर आ रही हैं। आसमान साफ होने और नमी बेहद कम होने से जमीन तेजी से गर्म हो रही है। इसी वजह से दिन में लू और रात में भी गर्मी बनी हुई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मई के आखिरी दिनों में शुरू होने वाला नौतपा इस बार और ज्यादा असर दिखा सकता है। यानी अगले कुछ दिनों में तापमान और बढ़ने की आशंका है।
7 जिलों में रेड अलर्ट
- भिंड
- दतिया
- निवाड़ी
- टीकमगढ़
- छतरपुर
- पन्ना
- सतना
इन जिलों में तापमान 45 डिग्री या उससे ज्यादा रह सकता है।
ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी
भोपाल, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, सागर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, रतलाम और झाबुआ समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, खरगोन, बालाघाट और शहडोल सहित कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
अगले 4 दिन तक कोई राहत नहीं- IMD
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि 23 मई तक प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। इसके बाद नौतपा शुरू होगा, जिससे भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में गर्मी और बढ़ सकती है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने, ज्यादा पानी पीने और बच्चों-बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की सलाह दी है।











