PlayBreaking News

MP Weather Update :46.8°C के साथ खजुराहो सबसे गर्म, 22 शहरों में पारा 44°C के पार; अभी और बढ़ेगी गर्मी

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। खजुराहो 46.8°C के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि भोपाल समेत 22 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तक हीटवेव और तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है। जानिए किन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी।
Follow on Google News
46.8°C के साथ खजुराहो सबसे गर्म, 22 शहरों में पारा 44°C के पार; अभी और बढ़ेगी गर्मी

भोपाल। मध्य प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। ऐसा लग रहा है मानो आसमान से आग बरस रही हो। सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सबसे ज्यादा गर्मी छतरपुर जिले के खजुराहो में रिकॉर्ड 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई, जबकि नौगांव में पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी भोपाल भी तेज गर्मी से बेहाल रही। यहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और कई जगहों पर सड़कें तक पिघलती नजर आईं। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक प्रदेश में भीषण हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

खजुराहो में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड

मौसम विभाग के अनुसार, खजुराहो में सोमवार को इतिहास का दूसरा सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को यहां तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इस बार पारा 46.8 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा रहा। छतरपुर जिले के ही नौगांव में भी भीषण गर्मी देखने को मिली, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया।

22 शहरों में पहली बार पारा 44 डिग्री के पार

इस सीजन में पहली बार प्रदेश के 22 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया। इंदौर, भोपाल, उज्जैन और जबलपुर में पिछले साल की तुलना में ज्यादा गर्मी दर्ज की गई।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर

अधिकतम तापमान

खजुराहो

46.8°C

नौगांव

46.0°C

राजगढ़

45.5°C

रतलाम

45.4°C

दतिया

45.3°C

खंडवा

45.1°C

श्योपुर

45.0°C

दमोह

44.8°C

सतना

44.8°C

सागर

44.7°C

गुना

44.5°C

रीवा

44.5°C

इंदौर

44.3°C

जबलपुर

44.2°C

भोपाल

44.0°C

उज्जैन

44.0°C

भोपाल में पिघली सड़कें, लोग बेहाल

राजधानी भोपाल में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया। कई इलाकों में सड़क की ऊपरी परत नरम पड़ गई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम?

19 मई: तीव्र लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है। यहां तापमान 45 डिग्री या उससे ऊपर जा सकता है। भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, धार, खरगोन, खंडवा, सागर, दमोह, गुना, शिवपुरी, श्योपुर और मुरैना समेत कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।

20 मई: कई संभागों में और बढ़ेगी गर्मी
20 मई को भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, दमोह और छतरपुर समेत 35 से ज्यादा जिलों में 43 से 46 डिग्री तक तापमान रहने का अनुमान है। इंदौर, धार, देवास, झाबुआ, अलीराजपुर और नर्मदापुरम में तेज गर्मी रहेगी।

21 और 22 मई: राहत के आसार नहीं
21 और 22 मई को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लू चलने की संभावना है। ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहेंगे। मौसम विभाग का अनुमान है कि कई जिलों में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है।

MP weather update

लोगों के लिए एडवाइजरी

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच गर्मी सबसे ज्यादा रहेगी। लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

  • दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें।
  • ज्यादा देर धूप में न रहें।
  • हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।
  • बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें।
  • दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें।
  • शरीर को हाइड्रेट रखें।

मई में बारिश के बाद अचानक बढ़ी गर्मी

प्रदेश में 30 अप्रैल से 18 मई तक लगातार अलग-अलग हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर चलता रहा। मई के शुरुआती 18 दिनों में से करीब 14 दिन मौसम बदला हुआ रहा। कभी पश्चिमी विक्षोभ तो कभी चक्रवात और ट्रफ लाइन के असर से बारिश हुई। हालांकि, अब मौसम पूरी तरह साफ हो चुका है और बारिश का सिस्टम कमजोर पड़ने से गर्मी तेजी से बढ़ गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को कहीं भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है।

क्यों बढ़ रही है इतनी गर्मी?

जानकारी के मुताबिक, साफ आसमान, तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से तापमान तेजी से बढ़ रहा है। उत्तर भारत से आने वाली गर्म हवाओं का असर भी मध्य प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में हीटवेव का असर और बढ़ सकता है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts