PlayBreaking News

MP Weather Update :नौगांव में 47 डिग्री पहुंचा पारा, कई शहरों में 45°C पार; भोपाल में भी टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, 4 दिन हीटवेव का अलर्ट

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। नौगांव में तापमान 47 डिग्री पहुंच गया, जबकि भोपाल समेत कई शहरों में रिकॉर्ड गर्मी दर्ज हुई। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन हीटवेव और तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है। जानिए किन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा है और क्या है बचाव की सलाह।
Follow on Google News
नौगांव में 47 डिग्री पहुंचा पारा, कई शहरों में 45°C पार; भोपाल में भी टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, 4 दिन हीटवेव का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। प्रदेश के कई शहरों में ऐसा लग रहा है मानो सूरज सीधे धरती पर आग बरसा रहा हो। दिन में झुलसा देने वाली गर्मी और लू के थपेड़ों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव और तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है।

मंगलवार को छतरपुर जिले का नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान रिकॉर्ड 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं खजुराहो में 46.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इस सीजन में पहली बार पारा 47 डिग्री के आंकड़े तक पहुंचा है।

22 शहरों में 44 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

मंगलवार को मध्य प्रदेश के 22 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। 

सबसे गर्म शहरों की लिस्ट

शहर

तापमान

नौगांव

47.0°C

खजुराहो

46.4°C

दतिया

45.8°C

राजगढ़

45.6°C

दमोह

45.5°C

टीकमगढ़

45.2°C

गुना

45.2°C

सागर

45.2°C

सतना

45.1°C

ग्वालियर

45.0°C

रायसेन

45.0°C

रीवा

45.0°C

इसके अलावा मंडला, उमरिया, खरगोन, रतलाम, खंडवा और भोपाल समेत कई शहरों में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास बना रहा।

भोपाल में सीजन का सबसे गर्म दिन

राजधानी भोपाल में मंगलवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। एयरपोर्ट ऑब्जर्वेटरी में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अरेरा हिल्स ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन में पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया। इतना ही नहीं, नए भोपाल में सीजन की पहली लू भी चली। रात में भी लोगों को राहत नहीं मिली और न्यूनतम तापमान पहली बार 30 डिग्री के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग ने इसे “वॉर्म नाइट” की स्थिति बताया है।

बड़े शहरों का हाल

शहर

तापमान

भोपाल

44.2°C

इंदौर

43.7°C

उज्जैन

43.8°C

ग्वालियर

45.0°C

जबलपुर

44.6°C

ग्वालियर में इस सीजन में पहली बार तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा। जबलपुर और भोपाल भी तेज गर्मी से बेहाल रहे।

अगले चार दिन लू का कहर जारी रहेगा

IMD ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में हीटवेव और तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है। 20 से 23 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव बनी रहेगी। उत्तर और मध्य मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सागर और दमोह समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में तापमान 46 डिग्री के पार जा सकता है और दिनभर गर्म हवाएं चलेंगी।

MP weather update

भोपाल-इंदौर समेत इन शहरों में चलेगी लू

भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, देवास, खरगोन, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, मंडला, शहडोल और मैहर समेत कई जिलों में अगले चार दिन तक लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

गर्मी अब जानलेवा बनने लगी

भीषण गर्मी अब लोगों की जान पर भी भारी पड़ने लगी है। सतना और टीकमगढ़ में मंगलवार को दो लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में दोनों मामलों में हीट स्ट्रोक यानी लू लगने की आशंका जताई गई है। डॉक्टरों का कहना है कि तेज गर्मी में लंबे समय तक धूप में रहने से शरीर का तापमान तेजी से बढ़ जाता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है।

दोपहर 12 से 3 बजे तक सबसे ज्यादा खतरा

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक लू और गर्मी का असर सबसे ज्यादा रहेगा। इस दौरान जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलना चाहिए। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

Breaking News

पहले बारिश, अब आग उगल रही गर्मी

मई की शुरुआत में मध्य प्रदेश में लगातार आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर चला था। 30 अप्रैल से 18 मई तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार मई के 19 दिनों में से 15 दिन प्रदेश में कहीं न कहीं बारिश, आंधी या ओलावृष्टि दर्ज की गई। लेकिन अब अचानक मौसम पूरी तरह बदल गया है और प्रदेश तेज गर्मी की चपेट में आ गया है।

मौसम विभाग की एडवाइजरी

मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचने के लिए कई जरूरी सलाह दी हैं। लोगों से लगातार पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की गई है। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, धूप में ज्यादा देर तक नहीं रहने और खाली पेट बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों ने ORS, नींबू पानी और नारियल पानी का सेवन बढ़ाने की भी सलाह दी है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts