नवरात्रि के पहले ही दिन आस्था पर चोट : मां जगदंबा की मूर्ति चोरी, सीधी में रातों रात पूरा मंदिर उठा ले गए चोर

सीधी। नवरात्रि के पहले ही दिन आदिवासी अंचल में स्थित मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने न केवल तुरनाथ धाम के पार्वती मंदिर को क्षतिग्रस्त किया, बल्कि मां जगदंबा की मूर्ति भी चुरा ली। चोरों ने मां जगदंबा का हजारों साल पुराना मंदिर ही उखाड़ कर गायब कर दिया। घटना सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र के जंगलों में स्थित आदिवासी अंचल की है।
1000 साल पुराना था मंदिर
सीधी जिला मुख्यालय से करीब 130 किलोमीटर दूरी पर तुर्रा धाम स्थित है। मां भगवती और भोलेनाथ का यह धाम जंगल के बीचों बीच स्तिथ है। प्रसिद्ध तुर्रानाथ धाम में माता का एक प्राचीन मंदिर था जो कि लगभग 1000 साल से भी ज्यादा पुराना बताया गया है। इस मंदिर की कलाकृति बेहद शानदार थी, जिसे प्राचीन पत्थरों से बनाया गया था। अब इस मंदिर को ही चोरों ने चोरी कर लिया। एक बड़े से चट्टान को काटकर उस मंदिर का निर्माण किया गया था। हालांकि, मंदिर का कुछ हिस्सा अभी बचा हुआ है। नवरात्रि के पहले ही दिन चोरी हुए मंदिर का वजन लगभग 10 टन से ज्यादा का था।




















