MP के विवेक चंद्रवंशी का चयन राष्ट्रीय वुडबॉल टीम में :जम्मू- कश्मीर में खेले जाएंगे मैच, उपलब्धियों से भरा रहा करियर

सिवनी/लखनादौन। सिवनी जिले की लखनादौन तहसील के ग्राम बदनोर निवासी युवा खिलाड़ी विवेक चंद्रवंशी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। शारदा विहार स्पोर्ट्स एकेडमी, भोपाल से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विवेक का चयन जम्मू-कश्मीर में आयोजित राष्ट्रीय वुडबॉल कैंप में हुआ, जहां उन्होंने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है।
कैंप में शानदार प्रदर्शन के दम पर मिला मौका
जम्मू-कश्मीर वुडबॉल एसोसिएशन एवं वुडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 10 से 14 जून 2026 तक वेरीनाग (जम्मू-कश्मीर) में आयोजित राष्ट्रीय वुडबॉल कैंप में देशभर के चुनिंदा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। यह कैंप खिलाड़ियों के उन्नत प्रशिक्षण एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों के लिए आयोजित किया गया था। विवेक ने कैंप को सफलतापूर्वक पूर्ण किया, जिसका प्रमाणपत्र भी उन्हें प्रदान किया गया। राष्ट्रीय कैंप का आयोजन और चयन प्रक्रिया वुडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा सार्वजनिक रूप से भी साझा की गई है।
नेशनल लेवल पर खेल चुके
विवेक चंद्रवंशी का खेल सफर लगातार उपलब्धियों से भरा रहा है। वे दो बार खेलो इंडिया प्रतियोगिता में भाग ले चुके हैं और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक हासिल किए हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों की श्रेणी में ला खड़ा किया है।
विवेक ने राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर दमदार प्रदर्शन किया
खेल क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें मध्यप्रदेश के खेल मंत्री द्वारा बेस्ट प्लेयर अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। इससे पहले भी वे राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं और लगातार प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

पूरे गांव में चयन को लेकर खुशी
विवेक की इस सफलता से उनके परिवार, मित्रों, खेल प्रशिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले विवेक आज क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि उन्हें इसी प्रकार अवसर और मार्गदर्शन मिलता रहा तो वे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे। विवेक की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। लगन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर गांव का युवा भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकता है।











