भोपाल क्राइम ब्रांच की कार्रवाई:170 किलो गांजा, ट्रक और एल्यूमीनियम सिल्लियां समेत 1.33 करोड़ का माल जब्त एक आरोपी गिरफ्तार

भोपाल क्राइम ब्रांच ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 170 किलो 90 ग्राम अवैध गांजा, एक आइशर ट्रक और 396 एल्यूमीनियम सिल्लियां जब्त की हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 33 लाख रुपए बताई जा रही है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उससे जुड़े तस्करी नेटवर्क के बारे में पूछताछ जारी है।
गृह मंत्रालय के अभियान के तहत कार्रवाई
गृह मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार पूरे देश में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भोपाल पुलिस कमिश्नरेट और क्राइम ब्रांच लगातार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रखे हुए हैं। इस कार्रवाई को भोपाल पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान
पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला, पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देशन में क्राइम ब्रांच की टीम लगातार नशा तस्करों की तलाश में जुटी हुई थी। सहायक पुलिस आयुक्त चंद्रभान सिंह चढ़ार और अनिल वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अशोक मरावी और उनकी टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की।
यह भी पढ़ें: इंदौर: 17 वर्षीय विवाहिता ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- पति को छोड़ने से पहले दुनिया छोड़नी होगी
मुखबिर की सूचना से खुला पूरा मामला
18 जून 2026 को क्राइम ब्रांच को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि कोलार क्षेत्र के गोल जोड़ तिराहे के पास एक आइशर मिनी ट्रक खड़ा है। ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजा रखा हुआ है और उसका चालक किसी व्यक्ति को इसकी डिलीवरी देने का इंतजार कर रहा है।
सूचना में बताया गया कि ट्रक पर नीले रंग की तिरपाल बंधी हुई है और चालक बैंगनी रंग की टी-शर्ट तथा ग्रे रंग की पैंट पहने हुए है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई।
भारी ट्रैफिक के बीच पहुंची टीम
पुलिस टीम को रास्ते में मेट्रो निर्माण और सड़क निर्माण कार्य के कारण भारी ट्रैफिक का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम समय पर गोल जोड़ तिराहे पहुंच गई और वहां संदिग्ध ट्रक की पहचान कर ली। पुलिस ने पूरी सावधानी और रणनीति के साथ ट्रक को घेर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।
आरोपी की पहचान
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम आनंद बैरागी पिता वंशीदास बैरागी, उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम हथवास, तहसील सतवास, जिला देवास बताया। आरोपी पेशे से ड्राइवर है और आठवीं तक पढ़ा हुआ है। पुलिस ने आरोपी के पास मिले दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं, जिनकी जांच की जा रही है ताकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।
यह भी पढ़ें: भोपाल: आयकर अफसरों को AI डिजिटल करेंसी और चाणक्य के अर्थशास्त्र की दी जा रही ट्रेनिंग, कई संस्थाओं से किया करार
ट्रक की तलाशी में मिला गांजा
आरोपी के कब्जे वाले आइशर ट्रक क्रमांक CG-04-PE-9434 की तलाशी ली गई। ट्रक के केबिन में खाना बनाने का सामान, कंबल, तकिया और अन्य उपयोगी वस्तुएं मिलीं। जब पुलिस ने ट्रक के पीछे बंधी तिरपाल हटाकर जांच की तो वहां छह बड़ी प्लास्टिक की बोरियां रखी मिलीं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इन बोरियों में गांजा भरा हुआ है। जांच के दौरान सभी बोरियों का वजन किया गया। छह बोरियों में कुल 170 किलो 90 ग्राम गांजा पाया गया।
ट्रक से मिलीं 396 एल्यूमीनियम सिल्लियां
गांजे के अलावा ट्रक में 396 एल्यूमीनियम सिल्लियां भी बरामद हुईं। इन सिल्लियों पर हिंदी और अंग्रेजी में NALCO अंकित मिला। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन सिल्लियों का इस तस्करी से क्या संबंध है और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
1.33 करोड़ रुपए का माल जब्त
क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई के दौरान निम्न सामग्री जब्त की है-
- 170 किलो 90 ग्राम अवैध गांजा
- गांजा परिवहन में उपयोग किया गया आइशर ट्रक
- 396 एल्यूमीनियम सिल्लियां
- मोबाइल फोन एवं अन्य सामग्री
जब्त किए गए कुल मशरुके की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 33 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। अकेले ट्रक की कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था, किसे सप्लाई किया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
भोपाल में बड़ी साजिश नाकाम
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गांजा भोपाल में बड़ी मात्रा में खपाने की तैयारी थी। समय रहते कार्रवाई होने से यह खेप बाजार तक नहीं पहुंच सकी और एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई। क्राइम ब्रांच को इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
नागरिकों से पुलिस की अपील
भोपाल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी नशे की तस्करी, बिक्री या इससे जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई को सफल बनाने में निरीक्षक राजकुमार कुंसारिया, उपनिरीक्षक जसवंत सिंह, प्रधान आरक्षक कैलाश जाट, कुशलपाल, कुंवर बहादुर तथा आरक्षक देवेन्द्र पलोदिया, पवनेश, जितेन्द्र चंदेल, मलखान सिंह, विवेक नामदेव और महिला आरक्षक पूजा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











