मध्य प्रदेश के पटवारियों को बड़ा तोहफा! 1050 पटवारियों के प्रमोशन की तैयारी, जानिए कौन-कौन होगा पात्र

मध्य प्रदेश के पटवारियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश में 1,050 पटवारियों को राजस्व निरीक्षक यानी आरआई के पद पर पदोन्नत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राजस्व विभाग और आयुक्त भू-संसाधन प्रबंधन कार्यालय ने इसके लिए सभी जिलों के कलेक्टरों से पात्र पटवारियों की सेवा संबंधी जानकारी और जरूरी दस्तावेज मांगे हैं। प्रमोशन की प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद पात्र पटवारियों को पटवारी पद से राजस्व निरीक्षक के पद पर पदस्थ किया जाएगा। लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
1050 पटवारियों की प्राथमिक सूची तैयार
विभाग ने प्रमोशन के लिए 1,050 पटवारियों की प्राथमिक सूची तैयार की है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 50 वर्ष से कम उम्र वाले पटवारियों को सूची में शामिल किया गया है। इसके अलावा जून 2007 या उससे पहले पटवारी संवर्ग में नियुक्त कर्मचारियों को भी पात्रता के दायरे में रखा गया है। अगर निर्धारित पात्रता पूरी करने वाला कोई पटवारी सूची में शामिल नहीं है, तो उसका नाम भी जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। सूची में किसी कर्मचारी की जानकारी गलत होने पर दस्तावेजों के आधार पर सुधार करने की बात भी कही गई है।
कलेक्टरों से मांगा गया पूरा रिकॉर्ड
प्रमोशन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए जिलों से पटवारियों का सर्विस रिकॉर्ड, सेवा पुस्तिका, गोपनीय प्रतिवेदन और अन्य जरूरी जानकारी मांगी गई है। विभागीय स्तर पर इन रिकॉर्ड की जांच के बाद पात्र कर्मचारियों की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कलेक्टरों को संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से जानकारी जुटाकर 30 सितंबर 2026 सुबह 10 बजे तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
किन नियमों के तहत होगा प्रमोशन?
मिली जानकारी के अनुसार, यह प्रमोशन प्रक्रिया सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमोशन नियम-2025 और मध्य प्रदेश भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त तृतीय श्रेणी अराजपत्रित सेवा भर्ती नियम-2012 में 18 जून 2018 को किए गए संशोधन के प्रावधानों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
सीहोर:'ऊपर तक देना पड़ता है' पटवारी पर रिश्वत के आरोप भारी, ऑडियो-वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित
पटवारियों में बढ़ी उम्मीद
प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू होने से लंबे समय से इंतजार कर रहे पटवारियों में उम्मीद बढ़ी है। राजस्व निरीक्षक बनने के बाद उनके पद और जिम्मेदारियों में बदलाव होगा। हालांकि, फिलहाल प्रक्रिया दस्तावेजों के सत्यापन और पात्रता की जांच के चरण में है। अंतिम प्रमोशन आदेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी किए जाएंगे। इस पूरे मामले में अब 30 सितंबर तक जिलों से मिलने वाली जानकारी महत्वपूर्ण होगी। इसके बाद विभाग पात्रता और रिकॉर्ड के आधार पर प्रमोशन की अगली कार्रवाई आगे बढ़ाएगा।



















