नर्सिंग छात्रों का भोपाल में प्रदर्शन, परीक्षा-डिग्री और छात्रवृत्ति की मांग; पुलिस ने पॉलिटेक्निक चौराहे पर रोका

भोपाल। नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने परीक्षा, डिग्री, रजिस्ट्रेशन और छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र सीएम हाउस का घेराव करने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने पॉलिटेक्निक चौराहे पर उन्हें रोक दिया। छात्रों का कहना है कि नर्सिंग से जुड़ी अनियमितताओं और न्यायिक प्रक्रिया के कारण उनका भविष्य करीब छह साल से प्रभावित है। B.Sc. Nursing और GNM के विद्यार्थियों ने सभी लंबित परीक्षाएं जल्द कराने और डिग्री-रजिस्ट्रेशन जारी करने की मांग की है। छात्रों ने कहा कि लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही आंदोलन खत्म करने पर विचार किया जाएगा।
6 साल से प्रभावित होने का छात्रों ने लगाया आरोप
प्रदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए B.Sc. Nursing और GNM के छात्र शामिल हुए। छात्रों का आरोप है कि नर्सिंग शिक्षा से जुड़ी अनियमितताओं और न्यायिक प्रक्रिया के चलते उनका भविष्य पिछले करीब छह साल से प्रभावित हो रहा है। समय पर परीक्षाएं नहीं होने के कारण विद्यार्थी आगे की पढ़ाई और नौकरी की प्रक्रिया में आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। इसके अलावा डिग्री और रजिस्ट्रेशन नंबर जारी नहीं होने और छात्रवृत्ति में देरी को लेकर भी छात्रों में नाराजगी है।
ये भी पढ़ें: रतलाम में 10 दिन पहले खरीदी ई-स्कूटी में धमाका, आग से झुलसीं मां और बेटियां
कॉलेज की मान्यता की जिम्मेदारी छात्रों की नहीं
छात्रों ने कहा कि नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता से जुड़ी प्रक्रिया और उसकी वैधता सुनिश्चित करना विद्यार्थियों की जिम्मेदारी नहीं है। अगर किसी कॉलेज को गलत तरीके से मान्यता दी गई है तो इसकी जवाबदेही संबंधित शासन-प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन की तय होनी चाहिए। छात्रों का कहना है कि कॉलेज स्तर की कथित अनियमितताओं का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। पढ़ाई पूरी करने के बाद भी परीक्षा, डिग्री और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में फंसे रहने से उनका करियर प्रभावित हो रहा है।
छात्रों ने रखीं कई मांगें
प्रदर्शन के दौरान मनोज रजक ने बताया कि छात्रों ने सरकार से उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल ठोस निर्णय लेने की मांग की है। छात्रों की मांग है कि नर्सिंग मामले की जल्द सुनवाई के लिए स्पेशल बेंच के माध्यम से कार्रवाई कर विद्यार्थियों के हित में फैसला कराया जाए। इसके साथ B.Sc. Nursing और GNM के सभी श्रेणियों के विद्यार्थियों की परीक्षाएं बिना देरी एक साथ कराने की मांग की गई है। इसमें suitable, unsuitable और ग्वालियर क्षेत्र के 56 कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी शामिल करने की बात कही गई है।
ये भी पढ़ें: DAVV में छात्रों का प्रदर्शन: गेट तोड़ने के मामले में 10 छात्रों पर FIR,
दिसंबर 2026 तक डिग्री और रजिस्ट्रेशन की मांग
छात्रों ने बैच 2020-21 के विद्यार्थियों को दिसंबर 2026 तक डिग्री और रजिस्ट्रेशन नंबर उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करने और नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता और कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि वे केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर आंदोलन खत्म नहीं करेंगे। छात्रों का कहना है कि सरकार की ओर से मांगों पर लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही आंदोलन खत्म करने पर विचार किया जाएगा।











