🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

DAVV में छात्रों का प्रदर्शन: गेट तोड़ने के मामले में 10 छात्रों पर FIR,

IPS कॉलेज से DAVV तक साइकिल यात्रा निकालकर छात्रों ने किया शक्ति प्रदर्शन, नारेबाजी के बीच चैनल गेट टूटा; कुलपति ने ज्ञापन लेकर सितंबर में चुनाव कराने का दिया आश्वासन
Follow on Google News
 गेट तोड़ने के मामले में 10 छात्रों पर FIR,

इंदौर। लंबे समय से लंबित छात्रसंघ चुनाव को लेकर इंदौर में एक बार फिर छात्र आंदोलन तेज होता दिखाई दिया। सितंबर में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए। IPS कॉलेज से RNT मार्ग स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) तक छात्रों ने साइकिल यात्रा निकाली। छात्र नेता वीरेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में निकली यात्रा में विभिन्न कॉलेजों के छात्र नेता और बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए।

 

साइकिल यात्रा के दौरान छात्रों ने छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर नारेबाजी की और विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द चुनाव कार्यक्रम घोषित करने की मांग उठाई। छात्रों का कहना था कि लंबे समय से चुनाव नहीं होने के कारण विद्यार्थियों में असंतोष बढ़ रहा है और अब चुनाव को और टालना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

 

DAVV पहुंचते ही तेज हुई नारेबाजी

IPS कॉलेज से शुरू हुई साइकिल यात्रा RNT मार्ग होते हुए देवी अहिल्या विश्वविद्यालय पहुंची। विश्वविद्यालय परिसर के बाहर पहुंचने के बाद छात्रों ने जमकर नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने सितंबर महीने में ही छात्रसंघ चुनाव कराने और चुनाव की तारीख जल्द घोषित करने की मांग दोहराई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों की संख्या लगातार बढ़ती गई। विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी के बीच छात्रों ने परिसर के चैनल गेट की ओर बढ़ना शुरू किया। इसी दौरान भीड़ के दबाव में चैनल गेट टूट गया और कई छात्र विश्वविद्यालय परिसर के भीतर प्रवेश कर गए।

 

गेट टूटने पर छात्रों ने दी सफाई

चैनल गेट टूटने की घटना के बाद छात्र नेताओं ने इसे तोड़फोड़ की कोशिश मानने से इनकार किया। उनका कहना था कि छात्रों में लंबे समय से चुनाव नहीं होने को लेकर आक्रोश है और प्रदर्शन के दौरान भीड़ के दबाव में गेट टूट गया। छात्र नेताओं ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय प्रशासन तक अपनी मांग पहुंचाना है। उन्होंने चुनाव की तारीख जल्द घोषित करने और सितंबर में ही चुनाव प्रक्रिया कराने की मांग रखी।

 

कुलपति ने लिया ज्ञापन, आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय के कुलपति ने छात्र नेताओं से मुलाकात की। छात्र नेताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन कुलपति को सौंपा। छात्र नेताओं के मुताबिक कुलपति की ओर से सितंबर महीने में छात्रसंघ चुनाव कराने को लेकर आश्वासन दिया गया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

 

आधिकारिक घोषणा नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

छात्र नेता वीरेंद्र गुर्जर ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों का महत्वपूर्ण मुद्दा है और इसे लगातार लंबित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चुनाव को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts