लाड़ली बहनों के लिए खुशखबरी :CM मोहन यादव आज जारी करेंगे 34वीं किस्त, 1.25 करोड़ महिलाओं के खाते में आएंगे 1500 रुपए

ग्वालियर। मध्य प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए आज बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 13 मार्च को ग्वालियर जिले के घाटीगांव से इस योजना की अगली किस्त ट्रांसफर करेंगे।
राज्य सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री एक क्लिक के जरिए प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 1836 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि भेजेंगे। योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को 1500 रुपए की मासिक सहायता दी जा रही है। मार्च महीने की इस किस्त का प्रदेश की लाखों महिलाओं को बेसब्री से इंतजार था। आज यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंच जाएगी।
ग्वालियर के घाटीगांव से होगा कार्यक्रम
13 मार्च को ग्वालियर जिले के घाटीगांव के पास स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में भव्य लाड़ली बहना सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यहां से वे प्रदेशभर की महिलाओं के खातों में योजना की 34वीं किस्त जारी करेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। इनमें प्रमुख रूप से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह राठौर और जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव शामिल होंगे।
1836 करोड़ रुपए होंगे ट्रांसफर
मार्च महीने में जारी होने वाली इस किस्त के तहत 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाभार्थी महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी। सरकार के अनुसार इस किस्त के तहत कुल 1836 करोड़ रुपए से अधिक की राशि महिलाओं के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की जाएगी। इस योजना के तहत नवंबर महीने से मासिक सहायता राशि में 250 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद अब महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए मिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: जबलपुर: फसल कटाई से पहले डीजल जमा करने में जुटे किसान, गेहूं-चना की फसल पककर तैयार
ग्वालियर जिले की महिलाओं को मिलेंगे 44 करोड़ रुपए
लाड़ली बहना योजना का लाभ ग्वालियर जिले की महिलाओं को भी मिलेगा। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जिले की 3 लाख 2 हजार 850 लाड़ली बहनों के खातों में लगभग 44 करोड़ 83 लाख रुपए की राशि ट्रांसफर की जाएगी। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जाएगी जिससे उन्हें आर्थिक सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री मंदिरों में करेंगे पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल होने से पहले घाटीगांव क्षेत्र के मंदिरों में पूजा-अर्चना भी करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर में वायुमार्ग से राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल, महाराजपुरा पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर के जरिए घाटीगांव के पास बने हेलीपैड पर उतरेंगे और देवनारायण मंदिर तथा शबरी माता मंदिर में पूजा करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री फिर से हेलीकॉप्टर से ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।
ग्वालियर को मिलेगी 122 करोड़ की सौगात
लाड़ली बहना सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ग्वालियर जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात भी देंगे। करीब 122 करोड़ रुपए की लागत के 54 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। इनमें लगभग 62 करोड़ रुपए के 19 कार्यों का लोकार्पण और लगभग 60 करोड़ रुपए के 35 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
ये बड़े प्रोजेक्ट होंगे शुरू
कार्यक्रम के दौरान जिन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा उनमें कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं।
मुख्य परियोजनाएं इस प्रकार हैं-
- लगभग 40 करोड़ रुपए की लागत से बने सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुलैथ भवन का लोकार्पण।
- 9.11 करोड़ रुपए की लागत से डाडा खिरक–तिघरा मार्ग पर सांक नदी पर बने उच्च स्तरीय पुल का उद्घाटन।
- उप स्वास्थ्य केंद्र बन्हेरी का लोकार्पण
- शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की नई सड़कों का उद्घाटन
इसके अलावा कई नए प्रोजेक्ट का भूमिपूजन भी किया जाएगा।
इन प्रोजेक्ट का होगा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री कई नए विकास कार्यों की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं-
- आईएसबीटी के पास 6.17 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला 100 सीटर श्रमिक विश्रामगृह
- 12.16 करोड़ रुपए की लागत से अंबेडकर धाम के दूसरे चरण में बनने वाला बाबा साहब पर आधारित संग्रहालय
- आयुर्वेदिक कॉलेज में एनाटॉमी विभाग के लिए नया हॉल और छात्रावास
- भितरवार में लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कई नई सड़क परियोजनाएं
इन परियोजनाओं से जिले के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
जून 2023 में शुरू हुई थी योजना
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। इस योजना का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने सीधे बैंक खाते में आर्थिक सहायता दी जाती है।
यह भी पढ़ें: Peoples Update Special : शादी के 1 माह में ही पत्नी पहुंची कोर्ट, प्रॉपर्टी नाम करने की जिद
अब तक जारी हो चुकी हैं 33 किस्तें
मार्च 2026 से पहले तक इस योजना की 33 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। जून 2023 से फरवरी 2026 के बीच महिलाओं के खातों में कुल 54,140 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। यह राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में DBT (Direct Benefit Transfer) के जरिए भेजी गई है।
अब केवल पैसा नहीं, रोजगार से भी जोड़ा जाएगा
राज्य सरकार अब लाड़ली बहनों को सिर्फ आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रखना चाहती। सरकार की योजना है कि महिलाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं से भी जोड़ा जाए। इसके जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें परिवार और समाज की आर्थिक प्रगति में भागीदार बनाया जाएगा।
ऐसे चेक करें 34वीं किस्त का स्टेटस
अगर आप लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी हैं तो आप अपने मोबाइल से भी किस्त का स्टेटस देख सकती हैं।
स्टेटस चेक करने के लिए ये स्टेप फॉलो करें-
- सबसे पहले cmladlibahna.mp.gov.in वेबसाइट पर जाएं।
- यहां आवेदन व भुगतान की स्थिति विकल्प पर क्लिक करें।
- अब अपना समग्र आईडी या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
- मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करें।
- इसके बाद आपकी किस्त की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी।
कौन महिलाएं ले सकती हैं योजना का लाभ
लाड़ली बहना योजना का लाभ पाने के लिए कुछ पात्रता शर्तें तय की गई हैं। मुख्य पात्रता इस प्रकार है-
- महिला मध्य प्रदेश की स्थायी निवासी होनी चाहिए।
- परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपए से कम हो।
- परिवार में कोई सदस्य सरकारी नौकरी में नहीं होना चाहिए।
- परिवार के पास 5 एकड़ से अधिक जमीन या चारपहिया वाहन नहीं होना चाहिए।
- विवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाएं आवेदन कर सकती हैं।
- आवेदन के समय महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।











