जबलपुर: फसल कटाई से पहले डीजल जमा करने में जुटे किसान, गेहूं-चना की फसल पककर तैयार

जबलपुर के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों किसान फसल कटाई की तैयारियों में तेजी से लगे हुए हैं। खेतों में गेहूं और चना की फसल लगभग पककर तैयार हो चुकी है,और अगले कुछ दिनों में कटाई का काम शुरू होने की संभावना है। इसी बीच किसानों के बीच डीजल की उपलब्धता को लेकर चिंता भी देखने को मिल रही है। कटाई के समय किसी तरह की रुकावट न आए, इसलिए कई किसान पहले से ही डीजल का स्टॉक करने में जुट गए हैं।
कटाई के लिए मशीनों पर बढ़ी निर्भरता
बता दें कि ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर इन दिनों किसानों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है। कई किसान ज्यादा डीजल खरीदकर सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि कटाई के दौरान मशीनों के संचालन में कोई दिक्कत न आए।
ये भी पढ़ें: एक्शन मोड में सीएम योगी: प्रदेश में एलपीजी आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश, कालाबाजारी और जमाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई
किसानों की चिंता: डीजल की कमी से प्रभावित हो सकती है कटाई
स्थानीय किसानों का कहना है कि गेहूं और चना की फसल पूरी तरह पककर तैयार है, और जल्द ही कटाई शुरू होने वाली है। किसान राजेश कुशवाहा ने बताया कि- अगर समय पर डीजल उपलब्ध नहीं हुआ तो हार्वेस्टर और ट्रैक्टर चलाना मुश्किल हो जाएगा, जिससे कटाई में देरी हो सकती है। वहीं किसान मोहन मरकाम का कहना है कि-पेट्रोल पंपों पर जल्द ही किसानों की भीड़ बढ़ सकती है, इसलिए कई लोग पहले से डीजल जमा करने की तैयारी कर रहे हैं। किसान किशनलाल पुसाम के मुताबिक खेती-किसानी का ज्यादातर काम ईंधन पर निर्भर होता है, इसलिए इसकी पर्याप्त उपलब्धता जरूरी है।
जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक-प्रशासन
जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि-जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि-वे घबराहट में ईंधन जमा न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन के अनुसार जरूरत के अनुसार डीजल की आपूर्ति लगातार जारी रहेगी।












