PU Special :2028 की चुनावी तैयारी के बीच मप्र कांग्रेस के संगठनात्मक विभाग और प्रकोष्ठ अधूरे, 28 में ही बन सके अध्यक्ष

पुष्पेन्द्र सिंह, भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस में संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने के लिए विभागों और प्रकोष्ठों की इकाइयां भंग किए जाने के तीन महीने से ज्यादा समय बाद भी पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। पार्टी ने दिवाली तक प्रदेश के 64 विभागों और प्रकोष्ठों में नियुक्तियां पूरी करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन अभीतक 28 विभागों और प्रकोष्ठों में ही नियुक्तियां हो पाई हैं। ऐसे में पार्टी के कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक मोर्चों पर नेतृत्व और जवाबदेही का संकट बना हुआ है। कांग्रेस ने 5 अगस्त को प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के निर्देश पर सभी विभागों एवं प्रकोष्ठों की प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर की इकाइयां तत्काल प्रभाव से भंग कर दी थीं।
पार्टी के पुराने चेहरों को भी दोबारा मौका
हालांकि नियुक्तियों की शुरुआत में कुछ पुराने पदाधिकारियों को फिर से जिम्मेदारी दी गई। सोशल मीडिया विभाग में चंचलेश व्यास, कम्युनिकेशन विभाग में अभय तिवारी, सूचना का अधिकार विभाग में पुनीत टंडन, पूर्व अधिकारी-कर्मचारी विभाग में आरएन ठाकुर, सैनिक प्रकोष्ठ में मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव और किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद पर धर्मेंद्र सिंह चौहान को दोबारा नियुक्त किया गया। नियुक्तियों में देरी की एक वजह एक पद पर दो से तीन दावेदार हैं। वहीं ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में कई नेताओं ने प्रकोष्ठों के अध्यक्ष पद के बजाय पार्षद का टिकट लेने में रुचि दिखाई है। प्रदेश कांग्रेस ने विभागों और प्रकोष्ठों में नियुक्त होने वालों को निकाय चुनाव में टिकट की दावेदारी छोड़ने की शर्त रखी है।
ये भी पढ़ें: कांग्रेस दिसंबर में भोपाल से शुरू करेगी वोट चोरी के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन, राहुल-प्रियंका करेंगे नेतृत्व: जीतू पटवारी
टैलेंट हंट के बाद भी नए प्रवक्ताओं की सूची अटकी
इधर, मध्यप्रदेश कांग्रेस ने नए प्रवक्ताओं और मीडिया टीम के चयन के लिए फरवरी 2026 में टैलेंट हंट कार्यक्रम शुरू किया था। इसके तहत प्रदेशभर से आवेदन मांगे गए और प्रदेश, संभाग तथा जिला स्तर पर चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। मई में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के प्रवक्ताओं, रिसर्च एवं पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर के लिए अंतिम इंटरव्यू भी हुए। इसके बावजूद 24 नवंबर तक चयनित पदाधिकारियों की अंतिम सूची जारी नहीं हुई है। करीब 500 आवेदन आए थे।
विभागों की दिल्ली और प्रकोष्ठों की प्रदेश से नियुक्तियां होना है
प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ. संजय कामले के अनुसार- भंग सभी 24 विभागों में नई नियुक्तियां दिल्ली से होना है। जबकि 40 प्रकोष्ठों में से 28 में नियुक्तियां हो चुकी हैं। ये निर्णय प्रदेश संगठन पर निर्भर है। विभाग और प्रकोष्ठ संयोजक महेंद्र सिंह चौहान के अनुसार-पांच विभागों में नियुक्तियां दिल्ली से हो चुकी हैं। वहीं 17 प्रकोष्ठ बचे हैं, ये नियुक्तियां प्रदेश से होना है। अभी आकलन चल रहा है।
ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव पर एसपी-कांग्रेस में दूसरे दौर की बैठक खत्म, रामगोपाल यादव बोले- बातचीत आगे जारी रहेगी, किसी ने नहीं मांगी कोई सीट




















