भोपाल में 17 साल की नाबालिग की मौत से सनसनी, मां और मामा को हत्या के आरोप में किया गिरफ्तार

भोपाल के पिपलानी इलाके में 17 साल की नाबालिग आयुषी की मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने जांच के बाद इसे हत्या का मामला मानते हुए उसकी मां कमला और मामा विजय राय को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में शादी को लेकर परिवार में चल रहा विवाद सामने आया है। पुलिस इस मामले की जांच ऑनर किलिंग के एंगल से भी कर रही है।
पसंद की शादी को लेकर था विवाद
पुलिस के मुताबिक, आयुषी अपनी मां के साथ घरों में काम करती थी। परिवार में उसकी शादी की बात चल रही थी। आयुषी अपनी पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी, जबकि उसकी मां कमला बेटी की शादी अपनी पसंद के युवक से करवाना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस को शुरुआती जांच में यही विवाद हत्या की वजह के तौर पर नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें: चाकू की नोक पर महिला अधिकारी से दुष्कर्म का आरोप
26 अगस्त को घर में हुआ था विवाद
जांच में सामने आया है कि 26 अगस्त को भी शादी की बात को लेकर घर में विवाद हुआ था। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान कमला और उसके भाई विजय राय ने आयुषी की जान ले ली। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। हालांकि, घटना के दौरान वास्तव में क्या-क्या हुआ और दोनों आरोपियों की भूमिका कितनी थी, इसकी जांच अभी जारी है।
पोस्टमार्टम से खुला हत्या का राज
आयुषी की मौत के बाद परिवार शव का बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच पुलिस को मामले की जानकारी मिल गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 29 अगस्त की शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिली। रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पिपलानी पुलिस ने रविवार तड़के आयुषी की मां कमला और मामा विजय राय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें: आधे दिन की छुट्टी के संघर्ष से ग्लोबल अभियान तक: बेगमगंज पहुंचीं ‘पेड पीरियड लीव’ की संस्थापक रंजीता प्रियदर्शनी
ऑनर किलिंग के एंगल से भी जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में आयुषी की पसंद की शादी को लेकर मां के साथ चल रहा विवाद सामने आया है। इसी वजह से पुलिस अब मामले को ऑनर किलिंग के एंगल से भी देख रही है। फिलहाल पुलिस हत्या की पूरी कहानी, दोनों आरोपियों की भूमिका और मौत के बाद जल्द अंतिम संस्कार की तैयारी किए जाने के पीछे की वजह की जांच कर रही है।




















