चाकू की नोक पर महिला अधिकारी से दुष्कर्म का आरोप

इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र के असरावद में स्थित आरोग्यम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला स्वास्थ्य अधिकारी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने साथ काम करने वाले एक अधिकारी पर चाकू दिखाकर दुष्कर्म करने और विरोध करने पर उसे व उसके परिवार को जान से खत्म करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला अधिकारी की शिकायत पर खुड़ैल पुलिस ने आरोपी सोहेल शेख के खिलाफ दुष्कर्म सहित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
पहले से बना रहा था दबाव
पुलिस को दिए बयान में 28 वर्षीय महिला अधिकारी ने बताया कि आरोपी सोहेल शेख भी उसी आरोग्यम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उसके साथ पदस्थ है। आरोप है कि वह पिछले कुछ समय से महिला और उसके परिजनों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उस पर अनुचित संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था।पीड़िता के मुताबिक, आरोपी की लगातार धमकियों के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थी और परिवार की सुरक्षा को लेकर भयभीत रहती थी।
बहाने से ऊपर ले गया
घटना वाले दिन महिला अधिकारी नियमित रूप से ड्यूटी करने स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी उसके पास आया और किसी काम या विजिट का हवाला देकर उसे स्वास्थ्य केंद्र की ऊपरी मंजिल पर चलने के लिए कहा।महिला ने पहले उसके साथ जाने से इनकार किया, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर उसे विश्वास में लेने का प्रयास किया। उसने कहा कि दोनों कई वर्षों से एक साथ काम कर रहे हैं और क्या उसे उस पर भरोसा नहीं है। परिवार को लेकर पहले से डरी हुई महिला आखिरकार उसके साथ ऊपर चली गई।
दरवाजा बंद कर चाकू से डराया
शिकायत के अनुसार, ऊपरी मंजिल पर पहुंचने के बाद आरोपी महिला को एक कमरे में ले गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि उसने महिला को संभलने का मौका नहीं दिया और उसका मुंह दबाकर जमीन पर गिरा दिया।इसके बाद आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर रख दिया। महिला अधिकारी का आरोप है कि आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसने आवाज उठाई या किसी तरह विरोध किया तो वह उसे जान से मार देगा और उसके परिवार को भी नहीं छोड़ेगा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि चाकू और जान से मारने की धमकी से वह बुरी तरह डर गई। इसी भय का फायदा उठाकर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।
परिजनों के साथ पहुंची थाने
घटना के बाद आरोपी वहां से निकल गया। महिला अधिकारी ने बाद में अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर खुड़ैल थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।




















