मनजीत कौर हत्याकांड में बड़ा खुलासा, मौत से पहले गर्भवती थीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर

चंडीगढ़ से अगवा की गई 28 साल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की मौत के मामले में एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जब मनजीत के साथ यह वारदात हुई, उस समय वह करीब 7 हफ्ते की गर्भवती थीं। गंभीर हालत में करीब 52 दिनों तक इलाज चलने के बाद 26 अगस्त को PGIMER चंडीगढ़ में उनकी मौत हो गई।
3 जुलाई को शुरू हुआ था पूरा मामला
पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, घटना 3 जुलाई की है। आरोप है कि मनजीत को चंडीगढ़ से जबरन कार में बैठाकर पंजाब के मोरिंडा ले जाया गया। वहां उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
वेंटिलेटर पर रहीं, कुछ समय के लिए आया था होश
मनजीत करीब एक महीने तक वेंटिलेटर और बर्न वार्ड में इलाजरत रहीं। 5 अगस्त को उन्हें थोड़ी देर के लिए होश भी आया था, लेकिन उनकी हालत में ज्यादा सुधार नहीं हो सका। गंभीर चोटों और संक्रमण के चलते 26 अगस्त को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मां की शिकायत पर दो संदिग्धों के खिलाफ केस
पुलिस ने मनजीत की मां की शिकायत के आधार पर शुभी और पिंडा नाम के दो संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपों में अपहरण, हत्या और साजिश जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। चंडीगढ़ से मोरिंडा तक के रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मनजीत के परिचितों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि आखिर वारदात के पीछे की वजह क्या थी।
परिवार के बयान से खुल सकते हैं कई राज
पुलिस के मुताबिक, परिवार फिलहाल अंतिम संस्कार और अन्य रस्मों में व्यस्त है। इसलिए उनका विस्तृत बयान अभी दर्ज नहीं हो पाया है। पुलिस को उम्मीद है कि परिवार और परिचितों के बयान के बाद घटना की वजह और पूरे घटनाक्रम को समझने में मदद मिलेगी। मनजीत तलाकशुदा थीं और उनका 7 साल का एक बेटा भी है, जो अपने पिता के साथ रहता है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि मनजीत को अगवा करने के पीछे क्या वजह थी और इस वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे।




















