ओरछा में BJP बनाएगी मिशन-2028 की रणनीति, Gen-Z और Gen-Alpha पर खास फोकस, जानें कौन-कौन रहेगा शामिल

मध्य प्रदेश बीजेपी चुनावी तैयारियों को लेकर अब संगठन स्तर पर बड़ा मंथन करने जा रही है। राम राजा की नगरी ओरछा में आज यानी 30 अगस्त से पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू होगी। बैठक 31 अगस्त तक चलेगी। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत पार्टी के कई बड़े नेता और संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक का आयोजन ओरछा के राजमहल पैलेस और राजविलास होटल में किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में यह पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक है, इसलिए इसे संगठन के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
मिशन-2028 पर करेंगे फोकस
बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा आगामी विधानसभा चुनाव यानी मिशन-2028 की तैयारियों को लेकर होने की संभावना है। इसके साथ ही स्थानीय निकाय और सहकारिता चुनावों के लिए भी संगठन की आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। पार्टी अगले तीन महीनों में प्रदेशभर में चलाए जाने वाले संगठनात्मक अभियानों और कार्यक्रमों का खाका भी तैयार करेगी। कमजोर बूथों और उन इलाकों पर विशेष ध्यान देने की रणनीति बनेगी, जहां पार्टी को विपक्ष से चुनौती मिल रही है।

सरकार की योजनाएं घर-घर पहुंचाने की तैयारी
बैठक में केंद्र और मोहन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर भी चर्चा होगी। इसके लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ पर विशेष सत्र रखा जाएगा। पार्टी की कोशिश है कि सरकारी योजनाओं का फायदा समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे और संगठन के कार्यकर्ता भी इसे लेकर जमीन पर सक्रिय रहें। अनुसूचित जाति वर्ग के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने को लेकर भी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
Gen Z और Gen Alpha पर BJP की नजर
युवा वोटरों को पार्टी से जोड़ना भी बैठक का बड़ा मुद्दा रहेगा। डिजिटल दौर को देखते हुए BJP Instagram Reels, YouTube Shorts और Moj जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं तक पहुंच बनाने की रणनीति पर विचार करेगी। लंबे भाषणों की जगह छोटे और आसान वीडियो के जरिए सरकारी योजनाओं और पार्टी के विचार लोगों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। इसके लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की मदद लेने की रणनीति भी बनाई जा सकती है।
दतिया उपचुनाव की हार पर भी मंथन
बैठक में दतिया उपचुनाव में मिली हार के कारणों की भी समीक्षा की जाएगी। पार्टी यह समझने की कोशिश करेगी कि चुनाव में किन स्तरों पर कमी रह गई और भविष्य में ऐसी स्थिति से कैसे बचा जा सकता है। इसके साथ ही ‘हर बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान को और मजबूत करने पर जोर रहेगा। चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने और बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
ये भी पढ़ें: तुकाराम मुंढे को महाराष्ट्र का CM बनाने की मांग, अमित शाह को भेजा पत्र; मराठी संगठन ने उठाए कई बड़े मुद्दे
350 नेता होंगे शामिल
इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, इंदर सिंह परमार, राव उदय प्रताप, तुलसी सिलावट, निर्मला भूरिया, गोविंद सिंह राजपूत, वीडी शर्मा, नरोत्तम मिश्रा, लाल सिंह आर्य और अरविंद भदौरिया समेत कई नेता बैठक में शामिल होंगे। सुमित्रा महाजन और सत्यनारायण जटिया समेत 41 सदस्य, संगठन के पदाधिकारी, विधायक और सांसद भी बैठक में मौजूद रहेंगे। कुल मिलाकर करीब 350 नेताओं के इस बैठक में शामिल होने की बात कही गई है।




















