Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में 10 लाख साल पुरानी सामग्री की उम्र जांचने की सुविधा, उज्जैन बनेगा साइंस सिटी, 237 करोड़ की लागत से आकार लेगा डीप टेक रिसर्च पार्क

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में प्रदेश की पहली डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला का शुभारंभ किया। यहां 10 लाख वर्ष तक पुरानी सामग्री की आयु का वैज्ञानिक निर्धारण हो सकेगा। वहीं उज्जैन में 237 करोड़ रुपए की लागत से 100 एकड़ में डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क बनाया जाएगा। इसमें अंतरिक्ष विज्ञान, क्वांटम कंप्यूटिंग, कृषि तकनीक और भारतीय ज्ञान परंपरा पर शोध होगा।  
भोपाल में 10 लाख साल पुरानी सामग्री की उम्र जांचने की सुविधा, उज्जैन बनेगा साइंस सिटी, 237 करोड़ की लागत से आकार लेगा डीप टेक रिसर्च पार्क
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के विज्ञान भवन में डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला का शुभारंभ किया।

भोपाल। मध्यप्रदेश में अब 10 लाख वर्ष तक पुरानी पुरातात्विक सामग्री की आयु का वैज्ञानिक निर्धारण किया जा सकेगा। इसके लिए राजधानी भोपाल में डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मैपकास्ट के विज्ञान भवन में प्रयोगशाला और डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर गैलरी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय ज्ञान परंपरा, प्राचीन विरासतों के संरक्षण और वैज्ञानिक शोध को प्रोत्साहित किया है। मध्यप्रदेश भी अपनी पुरातात्विक धरोहरों के वैज्ञानिक अध्ययन को आधुनिक तकनीक से जोड़ रहा है।

डॉ. वाकणकर ने भारतीय पुरातत्व को वैश्विक पहचान दिलाई 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर को याद करते हुए कहा कि वे प्रसिद्ध पुरातत्वविद्, चित्रकार और इतिहासकार थे। उन्होंने सीमित संसाधनों में भारतीय पुरातत्व और प्राचीन सभ्यताओं के अध्ययन को नई दिशा दी। उनके शोध से भारतीय सभ्यता को वैश्विक पहचान मिली। मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन में उनसे हुई मुलाकातों का भी स्मरण किया। उन्होंने बताया कि भोपाल के पास स्थित रातापानी अभयारण्य को डॉ. वाकणकर के योगदान के सम्मान में डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर राष्ट्रीय उद्यान नाम दिया गया है।

X Post

रिसर्च पार्क के लिए आईआईटी इंदौर करेगा सहयोग 

मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन में लगभग 100 एकड़ भूमि पर 237 करोड़ रुपए की लागत से डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क विकसित किया जाएगा। इसमें आईआईटी इंदौर तकनीकी और अनुसंधान सहयोगी की भूमिका निभाएगा। पार्क में शोध, तकनीकी विकास, पेटेंट, स्टार्टअप और इनक्यूबेशन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे युवाओं को अपने शोध और नवाचार को उद्यमिता से जोड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि उज्जैन प्राचीन काल से कालगणना और खगोल विज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। अब इस विरासत को आधुनिक विज्ञान से जोड़कर साइंस सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। भोपाल को नॉलेज सिटी बनाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

चार प्रमुख क्षेत्रों में होगा शोध, क्वांटम कंप्यूटिंग के लिए एमओयू 

अपर मुख्य सचिव उद्योग नीरज मंडलोई ने बताया कि रिसर्च पार्क में चार प्रमुख क्षेत्रों में अनुसंधान होगा। इनमें खगोल विज्ञान एवं अंतरिक्ष अध्ययन, भारतीय ज्ञान प्रणाली, कृषि प्रौद्योगिकी एवं जलवायु अनुसंधान तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, क्वांटम कंप्यूटिंग और ब्लॉकचेन शामिल हैं। प्राचीन पांडुलिपियों के अध्ययन, डिजिटलीकरण और पारंपरिक कालगणना पर भी आधुनिक तकनीक से शोध किया जाएगा। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मैपकास्ट और धनुष क्वांटम टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के बीच क्वांटम कंप्यूटिंग के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी सहयोग के लिए एमओयू हुआ। इससे कौशल विकास, तकनीकी विशेषज्ञता और स्टार्टअप को बढ़ावा मिलेगा।

Breaking News

उज्जैन को विश्व के कालगणना केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर: सोनी 

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ  प्रचारक, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी ने कहा कि भारतीय कालगणना में समय केवल मापन की इकाई नहीं, बल्कि जीवन, प्रकृति और सभ्यता से जुड़ा विषय रहा है। प्राचीन भारतीय विद्वानों ने समय की सूक्ष्मतम से विशालतम इकाइयों तक की अवधारणाएं विकसित की थीं। उज्जैन को विश्व के कालगणना केंद्र के रूप में पुनः प्रतिष्ठित करने के लिए वैज्ञानिक प्रमाण, प्रयोग और अनुसंधान के आधार पर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय पंचांग की व्यवस्थाएं समय और प्रकृति के बीच समन्वय स्थापित करती हैं। प्राचीन ज्ञान को आधुनिक शोध से जोड़ने की जरूरत है।

रामायण और महाभारत का वैज्ञानिक अध्ययन भी जरूरी: शिंदे

सीएसआईआर भटनागर फेलो एवं डेक्कन कॉलेज पुणे के पूर्व कुलपति वसंत शिंदे ने प्रयोगशाला की स्थापना को प्रदेश में वैज्ञानिक अनुसंधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने रामायण और महाभारत जैसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विषयों का वैज्ञानिक अध्ययन करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि डेटिंग के परिणामों का पुरातात्विक और सांस्कृतिक साक्ष्यों के साथ समन्वय करके अध्ययन किया जाना चाहिए। विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव शिवकुमार शर्मा ने कहा कि प्राचीन और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक हैं। इस कार्यशाला से भविष्य के शोध और योजनाओं को दिशा मिलेगी।

ये भी पढ़ें: Dr. Mohan Yadav Cabinet: मप्र में सहकारिता चुनाव एक साल के लिए टले, चार जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ देगी सरकार

मैपकास्ट ने एक साल में दीं 250 युवा वैज्ञानिक फैलोशिप 

मैपकास्ट के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी ने बताया कि परिषद विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को समाज की जरूरतों से जोड़कर अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा दे रही है। पिछले एक वर्ष में 128 से अधिक शोध परियोजनाएं और 84 से अधिक सेमिनार, सम्मेलन एवं व्याख्यान आयोजित किए गए। इसके अलावा 12 अंतरराष्ट्रीय यात्रा अनुदान और 250 युवा वैज्ञानिक फैलोशिप प्रदान की गईं। विज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए 566 से अधिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में रिमोट सेंसिंग तकनीक के उपयोग में मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है।

ल्यूमिनेसेंस तकनीक से प्राचीन सभ्यताओं और जलवायु का होगा अध्ययन

प्रयोगशाला में आधुनिक उपकरणों की मदद से एक मिलियन वर्ष तक पुरानी सामग्रियों की आयु निर्धारित करने में सहायता मिलेगी। इस तकनीक से पुरातात्विक अवशेषों, भूस्तरों के निर्माण की अवधि, प्राचीन जलवायु और सभ्यताओं के कालक्रम का अध्ययन किया जा सकेगा। ल्यूमिनेसेंस डेटिंग में क्वार्ट्ज और अन्य खनिजों के प्रकाश या ताप के संपर्क में आने के बाद जमीन में दबे रहने की अवधि का आकलन किया जाता है। मिट्टी के बर्तनों, तलछट, खनिजों और आग से प्रभावित पत्थरों के नमूनों की जांच भी की जा सकेगी। इसके लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, राज्य पुरातत्व विभाग और अन्य वैज्ञानिक संस्थानों का सहयोग लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: सीएम मोहन यादव ने मोबाइल की टॉर्च जलवाकर किया भोपाल के नाथू बरखेड़ा खेल परिसर का लोकार्पण, कहा-खेलों का दिख रहा स्वर्णिम भविष्य

कॉफी टेबल बुक और शोधार्थी समागम पोस्टर का विमोचन

कार्यक्रम में ‘प्राचीन से आधुनिक काल तक वैज्ञानिक विधियों से कालगणना’ विषय पर ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ थीम के साथ राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें वैज्ञानिकों, पुरातत्वविदों और विशेषज्ञों ने भारतीय कालगणना, प्राचीन खगोलीय ज्ञान और आधुनिक तकनीकों के समन्वय पर विचार रखे। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन पर आधारित कॉफी टेबल बुक और दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय शोध संस्थान के शोधार्थी समागम के पोस्टर का विमोचन किया। कार्यक्रम में भारत सरकार के सलाहकार गंटी एस. मूर्ति, संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के निदेशक श्रीराम तिवारी सहित वैज्ञानिक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts