Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पति की याद में सीवन नदी के घाट पर स्थापित करवाए दो पूजन पात्र, समाजसेवी ने दिए 51 हजार रुपये

सीहोर में पति की स्मृति में बसंती देवी श्रीवास्तव ने सीवन नदी के महिला घाट पर दो पूजन पात्र स्थापित करवाए। समाजसेवी भारत गुप्ता ने 51 हजार रुपये दिए।
पति की याद में सीवन नदी के घाट पर स्थापित करवाए दो पूजन पात्र, समाजसेवी ने दिए 51 हजार रुपये
सीवन नदी संरक्षण अभियान

सीहोर। कुछ रिश्ते समय के साथ भले ही आंखों से ओझल हो जाते हैं, लेकिन उनकी यादें जीवनभर दिल में जिंदा रहती हैं। जब इन यादों को समाज और प्रकृति की सेवा से जोड़ दिया जाए तो वे दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन जाती हैं। सीहोर की जीवनदायिनी सीवन नदी के संरक्षण अभियान में रविवार को ऐसा ही भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। पति की स्मृति को हमेशा के लिए सहेजने के उद्देश्य से श्रीमती बसंती देवी श्रीवास्तव ने महिला घाट पर दो पूजन सामग्री पात्र स्थापित करवाए। इन्हें देखकर वह भावुक हो उठीं। वहीं समाजसेवी भारत गुप्ता ने नदी संरक्षण अभियान के लिए 51 हजार रुपये की सहयोग राशि देकर इस जनअभियान को नई ऊर्जा प्रदान की।

पति की यादों को सेवा के संकल्प से जोड़ा

सीवन पुत्र-पुत्री टीम की ओर से महिला घाट पर पूजन सामग्री पात्र महोत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान स्वर्गीय श्री मांगीलाल श्रीवास्तव की पुण्य स्मृति में उनकी धर्मपत्नी बसंती देवी श्रीवास्तव ने दो पूजन सामग्री पात्र स्थापित करवाए। अपने दिवंगत जीवनसाथी की याद में स्थापित इन पात्रों को देखकर उनकी आंखें नम हो गईं। यह केवल दो पात्रों की स्थापना नहीं थी, बल्कि एक ऐसे रिश्ते की स्मृति को समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की भावपूर्ण पहल थी, जिसकी छाप अब सीवन के घाट पर हमेशा बनी रहेगी।

पूजा-अर्चना के साथ लिया नदी संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सीवन की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। बसंती देवी श्रीवास्तव, उनके परिजनों, गणमान्य नागरिकों और सीवन पुत्र-पुत्री टीम के सदस्यों ने मां सीवन की आराधना कर नदी को स्वच्छ, निर्मल और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद बसंती देवी श्रीवास्तव, विष्णु श्रीवास्तव, डॉ. अशोक श्रीवास्तव, सुनील शर्मा और वरिष्ठ पत्रकार शैलेंद्र श्रीवास्तव ने फीता काटकर दोनों पूजन सामग्री पात्रों का लोकार्पण किया।

Sehore

51 हजार की सहयोग राशि से अभियान को मिली ताकत

कार्यक्रम में समाजसेवी भारत गुप्ता ने सीवन संरक्षण अभियान के लिए 51 हजार रुपये की राशि प्रदान की। उन्होंने अभियान को नदी संरक्षण की क्रांति बताते हुए कहा कि नदियों को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए जनभागीदारी सबसे जरूरी है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे आएगा, तभी नदियों का वास्तविक संरक्षण संभव हो सकेगा।

सीवन अभियान बन रहा प्रेरणा का उदाहरण

डॉ. अशोक जायसवाल ने सीवन पुत्र-पुत्री टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। वरिष्ठ पत्रकार शैलेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि सीवन संरक्षण अभियान नदी के लिए वरदान साबित हो रहा है। यह गर्व की बात है कि सीहोर से शुरू हुआ यह प्रयास नदी संरक्षण के क्षेत्र में प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। समाजसेवी सुनील शर्मा ने भी सीवन पुत्रों और सीवन योद्धाओं की निस्वार्थ सेवा की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाते हैं।

जनभागीदारी से ही बचेगी जीवनदायिनी सीवन

इस अवसर पर मुकेश राय, प्रदीप चावड़ा, वैभव राठौर, योगेंद्र राय, ललिता कुशवाह, ज्योति चावड़ा, प्रदीप साबू, वीरेंद्र सिंह बिसौरिया, अशोक नामदेव, राधेश्याम मकवाना, प्रकाश यादव, कनीराम मालवीय, सुरेश भगत और मुकेश कुशवाह सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मां सीवन को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने तथा संरक्षण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। महिला घाट पर स्थापित हुए ये दो पात्र अब केवल पूजन सामग्री एकत्र करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक परिवार के प्रेम, स्मृतियों और समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक भी बनेंगे।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts