Michaung Cyclone : तमिलनाडु की ओर बढ़ रहा ‘मिचौंग’ तूफान... 100 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, स्कूल-कॉलेज बंद

चेन्नई। बंगाल की खाड़ी में कम हो रहे हवा के दबाव के क्षेत्र ने शनिवार को डीप डिप्रेशन का रूप ले लिया है। जिसके चलते प्रदेश सरकार ने मछुआरों के समुद्र में प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले 24 घंटों में यह डीप डिप्रेशन तूफान में बदल जाएगा। इस तूफान का नाम ‘मिचौंग’ रखा गया है। मिचौंग, तमिलनाडु की सीमा से होकर गुजरेगा और 5 दिसंबर को आंध्रप्रदेश से टकराएगा। बता दें कि इसे मिचौंग नाम म्यांमार ने दिया है।
स्कूल, कॉलेजों में अवकाश घोषित
IMD के अनुसार, कल से शहर की हवाएं अपना मिजाज बदल देंगी। 5 दिसंबर की सुबह तूफान आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और मछलीपट्टनम तट से होकर गुजरेगा। उस वक्त तूफान की स्पीड 80-90 किमी प्रति घंटा रहेगी। यह रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है। तूफान के चलते प्रदेश सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर 4 दिसंबर को पुडुचेरी, कराईकल और यानम क्षेत्रों के सभी कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
इन राज्यों में अलर्ट जारी
चक्रवात के असर से नागपट्टनम जिले के वेलांकन्नी बीच पर समुद्र ने अपने कदम 100 मीटर खींच लिए हैं, यानी पीछे चला गया है। वहां किनारे की चौड़ाई बढ़ गई है। वहीं, तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने तूफान के चलते तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है।





















