Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मैक्सिको में त्योहार बना मौत का मेला : डांस कर रहे लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग, 12 लोगों की मौत; कई घायल, गैंगवार की आशंका

Follow on Google News
मैक्सिको में त्योहार बना मौत का मेला : डांस कर रहे लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग, 12 लोगों की मौत; कई घायल, गैंगवार की आशंका

मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के गुआनाजुआतो राज्य के इरापुआतो शहर में मंगलवार रात उस वक्त मातम पसर गया, जब सेंट जॉन द बैपटिस्ट के सम्मान में चल रहे जश्न के बीच अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 20 लोग घायल हो गए।

हमले के वक्त सैकड़ों लोग नाच-गाना और शराब के साथ त्योहार मना रहे थे। अचानक गोलियों की आवाज से अफरातफरी मच गई और खुशियों की जगह चीख-पुकार और खून से सनी सड़कें रह गईं।

घटना का वीडियो वायरल

इस दर्दनाक घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक-युवतियां मस्ती में डांस कर रहे हैं, तभी अचानक गोलियों की आवाज आती है। इसके बाद लोग चीखते हुए इधर-उधर भागने लगते हैं। वीडियो देखकर समझ आता है कि हमला कितना अचानक और भयावह था।

गोलीबारी में 12 की मौत, 20 घायल

इरापुआतो के अधिकारी रोडोल्फो गोमेज सेरवांतेस ने बताया कि मरने वालों की संख्या 12 हो गई है। इनमें 8 पुरुष, 2 महिलाएं और एक 17 वर्षीय किशोर शामिल हैं। करीब 20 लोग घायल हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

राष्ट्रपति शिनबाम ने जताया दुख

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने हमले पर दुख जताया और इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

स्थानीय प्रशासन ने इस हमले को कायरतापूर्ण करार दिया है और कहा है कि पुलिस और सेना मिलकर हमलावरों की तलाश कर रही है। बुधवार सुबह घटनास्थल पर अभी भी खून के धब्बे और गोलियों के निशान नजर आ रहे थे।

मेक्सिको का सबसे हिंसक इलाका है गुआनाजुआतो

गुआनाजुआतो राज्य, जो कि राजधानी मेक्सिको सिटी के उत्तर-पश्चिम में स्थित है, देश के सबसे हिंसाग्रस्त इलाकों में गिना जाता है। यहां संगठित अपराध करने वाले गैंग आपसी वर्चस्व के लिए अक्सर आम लोगों के बीच हिंसा करते रहते हैं।

इस साल के पहले 5 महीनों में गुआनाजुआतो में 1,435 हत्याएं दर्ज की गई हैं, जो किसी भी अन्य राज्य की तुलना में दोगुनी से अधिक हैं।

इससे पहले चर्च में भी हुई थी गोलीबारी

पिछले महीने भी इसी राज्य के सैन बार्तोलो दे बेरियोस शहर में एक कैथोलिक चर्च द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गोलीबारी हुई थी, जिसमें 7 लोगों की मौत हुई थी। अब इस ताजा घटना ने एक बार फिर राज्य की कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या गैंगवार के चलते हुआ हमला?

स्थानीय पुलिस को शक है कि यह हमला किसी गैंगवार का हिस्सा हो सकता है। चूंकि इरापुआतो और गुआनाजुआतो क्षेत्र में ड्रग तस्करी और अपराध से जुड़े गैंग्स काफी सक्रिय हैं, ऐसे में इस एंगल से भी जांच की जा रही है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts