मेट्रो के विस्तार के लिए दिल्ली में काटे जाएंगे लाखों पेड़, प्रदेश में पौधे लगाकर की जाएगी इसकी भरपाई

170 हेक्टेयर क्षेत्र में किया जाएगा पौधरोपण, प्रदेश के 16 नगर निगमों में किया जाएगा प्लांटेशन
मेट्रो के विस्तार के लिए दिल्ली में काटे जाएंगे लाखों पेड़, प्रदेश में पौधे लगाकर की जाएगी इसकी भरपाई

अशोक गौतम

भोपाल। दिल्ली मेट्रो कॉर्पोरेशन लिमिटेड रेल नेटवर्क बढ़ाने के लिए तीन नए कॉरिडोर और बना रहा है। इससे मेट्रो अपने नेटवर्क में 45 किमी से अधिक का विस्तार होगा। इसकी जद में आने वाले लाखों पेड़ काटे जाएंगे। इसके बदले में दिल्ली मेट्रो को कहीं जंगल तैयार करना होगा। इसी को लेकर दिल्ली मेट्रो कार्पोरेशन लिमिटेड ने मध्य प्रदेश मेट्रो कार्पोरेशन लिमिटेड से 170 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराने के लिए कहा है। इस पर खर्च होने वाली राशि दिल्ली मेट्रो वहन करेगा। नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने इस संबंध में प्रदेश के सभी 16 नगर निगमों के आयुक्तों से चर्चा की। इस दौरान निकायों ने 170 हेक्टेयर जमीन देने के लिए वन, राजस्व अनुबंध करने के लिए विभाग से कहा है।

वन और राजस्व विभाग मिलकर करेंगे काम

इन नगर निगमों में वन विभाग और राजस्व विभाग के साथ मिलकर पौधरोपण के लिए काम करेंगे। वन भूमि पर वन विभाग और राजस्व भूमि पर नगर निगम पौधरोपण करेगा। एक हेक्टेयर में 1500 से 1700 तक पौधे लगाए जा सकते हैं। इस हिसाब से 170 हेक्टेयर में 2.5 लाख से ज्यादा पौधे लगेंगे।

भोपाल सहित 16 निकायों में वन होगा तैयार

भोपाल सहित 16 नगर निगमों के पास वन लगाए जाएंगे। यहां फॉरेस्ट तैयार करने और उसके संरक्षण का काम निकाय करेंगे। ये जमीन शहर के अंदर या बाहर पांच किमी की परिधि में हो सकती है। जमीन उपलब्ध कराने का काम राजस्व विभाग करेगा।

पीपीपी मोड में किया जाएगा वनों का विस्तार

नगरीय निकाय प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड में फॉरेस्ट तैयार करने की भी योजना बना रहे हैं। वन तैयार करने के लिए जमीन नगर निगम, राजस्व और वन विभाग उपलब्ध कराएंगे। पौधरोपण का काम निजी निवेशकों के जरिए किया जाएगा। वन तैयार करने के लिए राशि भी नगर निगम देगा। वन पर पूरा अधिकारी निवेशकों का होगा। इसके लिए सरकार एक गाइड लाइन भी तैयार करेगी। 

Aniruddh Singh
By Aniruddh Singh

अनिरुद्ध प्रताप सिंह। नवंबर 2024 से पीपुल्स समाचार में मुख्य उप संपादक के रूप में कार्यरत। दैनिक जाग...Read More

Latest Posts