महबूबा मुफ्ती की बेटी का विवादित बयान, हिंदुत्व को बताया बीमारी, हिंदू संगठनों ने दर्ज कराई शिकायत

Follow on Google News
महबूबा मुफ्ती की बेटी का विवादित बयान, हिंदुत्व को बताया बीमारी, हिंदू संगठनों ने दर्ज कराई शिकायत
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी पार्टी की मुखिया महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने हाल ही में हिंदुत्व पर एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने इसे "एक बीमारी" बताते हुए कहा कि यह लाखों भारतीयों को प्रभावित कर रही है और भगवान राम के नाम को भी कलंकित कर रही है। इल्तिजा के इस बयान पर हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है और उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन पर हिंदुओं के अपमान का आरोप है।

वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद

6 दिसंबर को एक कथित वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोगों पर नाबालिग मुस्लिम लड़कों को 'जय श्री राम' का नारा लगाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगा। इल्तिजा ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया था, लेकिन बाद में इसे हटा दिया। हालांकि, पीपुल्स अपडेट इस वीडियो के प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता।

हिंदुत्व और हिंदू धर्म पर इल्तिजा ने की टिप्पणी

इल्तिजा ने अपने बयान में हिंदुत्व और हिंदू धर्म के बीच अंतर बताते हुए कहा, "हिंदुत्व 1940 के दशक में वीर सावरकर द्वारा प्रचारित एक विचारधारा है, जो नफरत फैलाने पर आधारित है। जबकि हिंदू धर्म प्रेम, करुणा और धर्मनिरपेक्षता का प्रतीक है। हमें धर्म को इस तरह से बिगाड़ना नहीं चाहिए।"

भाजपा ने की माफी की मांग

भाजपा नेता रविंदर रैना ने इल्तिजा मुफ्ती के बयान को अपमानजनक बताते हुए माफी की मांग की है। उन्होंने कहा, "राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी धर्म के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। इल्तिजा को अपने बयान के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।" कश्मीरी पंडित के संगठनों (यूथ 4 पनुन कश्मीर और रूट्स इन कश्मीर) ने इल्तिजा मुफ्ती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि इल्तिजा ने अपने बयान से हिंदू धर्म और हिंदुओं का अपमान किया है।

इल्तिजा ने किया पलटवार

इल्तिजा ने एक और बयान में कहा, "इस्लाम के नाम पर की गई हिंसा ने इस्लामोफोबिया को जन्म दिया है। आज हिंदू धर्म के साथ भी ऐसा ही हो रहा है। इसका इस्तेमाल अल्पसंख्यकों पर अत्याचार और उनकी हत्या के लिए किया जा रहा है।"

चुनाव में हार के बाद चर्चा में आईं इल्तिजा

महबूबा मुफ्ती ने इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा और अपनी बेटी इल्तिजा को बिजबेहरा सीट से मैदान में उतारा। यह सीट 25 साल तक मुफ्ती परिवार का गढ़ मानी जाती थी, लेकिन यहां से इल्तिजा अपना पहला चुनाव हार गईं। इस सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। ये भी पढ़ें- Pushpa 2 Box Office Collection : पहले रविवार हिंदी भाषा में सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म बनी पुष्पा-2, 4 दिनों में 800 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

Latest Posts