Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भोपाल में निकली वॉकथॉन, हजारों युवा हाथों में स्टिक लेकर सड़क पर उतरे

भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 होगी। इससे पहले मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में हॉकी वॉकथॉन निकाली गई।
एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भोपाल में निकली वॉकथॉन, हजारों युवा हाथों में स्टिक लेकर सड़क पर उतरे

भोपाल में 19 नवंबर से 28 नवंबर तक एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॅाफी-2026 का आयोजन होगा। इससे पहले रविवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में हॉकी वॉकथॉन निकाली गई। होटल लेकव्यू रंजीत से वन विहार तक आयोजित इस वॉकथॉन में हजारों युवाओं, खिलाड़ियों और शहरवासियों ने हिस्सा लिय। ओलंपियन विवेक सागर सहित पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी भी इसमें शामिल हुए। 

हॉकी स्टिक लेकर सड़कों पर उतरे युवा, खिलाड़ियों ने भी खेली हॉकी

वॉकथॉन में सबसे ज्यादा उत्साह युवाओं के बीच देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवा हाथों में हॉकी स्टिक लेकर आयोजन में शामिल हुए। इस दौरान खिलाड़ियों के साथ मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भी सड़क पर हॉकी खेली। इसका उद्देश्य लोगों को इस खेलल से जोड़ना और आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में भोपाल के खिलाड़ी, व्यापारी, प्रबुद्धजन, फिटनेस प्रेमी और आम नागरिक भी शामिल हुए। पूरे रास्ते हॉकी को लेकर लोगों में उत्साह दिखाई दिया। इस आयोजन के जरिए शहरवासियों को महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी से जोड़ने की कोशिश की गई।

भोपाल और हॉकी का पुराना रिश्ता: विश्वास कैलाश सारंग

मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि भोपाल और हॉकी का पुराना और गौरवशाली संबंध रहा है। शहर ने देश को कई प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। हॉकी भोपाल की खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही है। ऐसे में एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि इस आयोजन को सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे पूरे भोपाल का खेल उत्सव बनाया जाए। हजारों युवाओं का हॉकी स्टिक लेकर वॉकथॉन में शामिल होना बताता है कि शहर के युवा खेलों के प्रति उत्साहित हैं।

19 से 28 नवंबर तक छह टीमें दिखाएंगी दम

एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा। प्रतियोगिता में भारत सहित एशिया की छह शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें करीब 150 अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी अपने खेल कौशल और तकनीक का प्रदर्शन करेंगी। मंत्री सारंग ने बताया कि सभी मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इससे शहर के लोग, युवा और विद्यार्थी स्टेडियम में पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मुकाबले देख सकेंगे।

Breaking News

एफआईएच कैटेगरी-1 प्रमाणन पाने वाला देश का दूसरा शहर बना भोपाल

भोपाल ने अंतरराष्ट्रीय खेल सुविधाओं के मामले में भी एक उपलब्धि हासिल की है। बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) का कैटेगरी-1 प्रमाणन मिला है। इसके साथ ही हैदराबाद के बाद भोपाल यह प्रमाणन हासिल करने वाला देश का दूसरा शहर बन गया है। मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि यह उपलब्धि मध्यप्रदेश में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के विकास और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी की बढ़ती क्षमता को दिखाती है। इसी मैदान पर एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले खेले जाएंगे।

166 देशों में होगा मुकाबलों का प्रसारण

मंत्री सारंग के मुताबिक, प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स और हॉटस्टार के माध्यम से 166 देशों में किया जाएगा। इससे भोपाल की मेजबानी और मध्यप्रदेश की खेल सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। साथ ही पर्यटन, स्थानीय व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होते हैं। इस प्रतियोगिता के जरिए देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों को भोपाल की सांस्कृतिक विरासत, यहां के आतिथ्य और आधुनिक खेल सुविधाओं को जानने का मौका मिलेगा। मंत्री ने शहरवासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं और इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को यादगार बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts