अमेरिका में फिर हुई गोलीबारी : जॉर्जिया में एक महिला समेत चार लोगों की मौत, आरोपी गिरफ्तार

Follow on Google News
अमेरिका में फिर हुई गोलीबारी : जॉर्जिया में एक महिला समेत चार लोगों की मौत, आरोपी गिरफ्तार
हैम्पटन। अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है।  अमेरिका के जॉर्जिया में शनिवार को हुई मास शूटिंग में 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। वहीं पुलिस ने फरार आरोपी आंद्रे लॉन्गमोर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल गोलीबारी की वजह सामने नहीं आई है, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

8,500 लोगों की आबादी वाले शहर में हुई गोलीबारी

हेनरी काउंटी के अधिकारियों ने एक बयान में कहा है कि, यह घटना अटलांटा के दक्षिण में लगभग 30 मील (48 किलोमीटर) दूर हैम्पटन शहर में शनिवार सुबह (स्थानीय समय) हुई थी। हैम्पटन पुलिस प्रमुख जेम्स टर्नर ने बताया कि, 40 साल के आंद्रे लॉन्गमोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। गोलीबारी 8,500 लोगों की आबादी वाले शहर हैम्पटन के एक उपखंड में हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

आरोपी ने क्यों की गोलीबारी

टर्नर ने कहा कि, लॉन्गमोर हैम्पटन का रहने वाला है। लेकिन अभी तक इस बात का पता नहीं चल सका है कि उसने गोलीबारी की वारदात को अंजाम क्यों दिया। पुलिस के अनुसार, फायरिंग के बाद करीब 5 से 6 घंटे तक आरोपी फरार रहा था। पुलिस ने बड़े पैमाने पर कई जगहों पर दबिश दी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस साल की 31वीं घटना

लॉन्गमोर के पास से पुलिस को कोई फोन नंबर नहीं मिला है, न ही उसके परिवार के किसी सदस्य के बारे में कोई जानकारी है। यहां तक की उसकी ओर से कोई वकील भी पेश नहीं हुआ है। बता दें कि, इस साल अमेरिका में होने वाली गोलीबारी की यह 31वीं घटना है। इन घटनाओं में कम से कम 153 लोगों की जान गई है। ये भी पढ़ें- अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में गोलीबारी, 8 लोग घायल; दो की हालत गंभीर अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts