Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Mann ki Baat : PM मोदी बोले- ‘Mission Chandrayaan-3’ नए भारत की भावना का प्रतीक… G-20 लीडर्स समिट के लिए हम तैयार

Follow on Google News
Mann ki Baat : PM मोदी बोले- ‘Mission Chandrayaan-3’ नए भारत की भावना का प्रतीक… G-20 लीडर्स समिट के लिए हम तैयार
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 अगस्त यानी कि रविवार को 'मन की बात' के 104वें संस्करण को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि 'अगस्त एपिसोड में आपका स्वागत है। मुझे याद नहीं कि कभी ऐसा हुआ हो कि सावन महीने में दो बार मन की बात हुआ है। सावन यानी महाशिव का महीना। चंद्रयान-3 की सफलता ने जश्न को कई गुना बढ़ा दिया है। चंद्रयान-3 को चंद्रमा की सतह पर उतरे तीन दिन से ज्यादा हो गए हैं। ये सफलता इतनी बड़ी है कि इस पर जितनी भी चर्चा की जाए कम लगती है।

मिशन चंद्रयान, नए भारत की उस भावना का प्रतीक बन गया : PM

पीएम मोदी ने कहा कि 23 अगस्त को भारत ने और भारत के चंद्रयान-3 ने ये साबित कर दिया है कि संकल्प के कुछ सूरज, चांद पर भी उगते हैं। मिशन चंद्रयान, नए भारत की उस भावना का प्रतीक बन गया है, जो हर हाल में जीतना चाहता है और हर हाल में जीतना जानता भी है। भारत का मिशन चंद्रयान, नारीशक्ति का भी जीवंत उदाहरण है। इस पूरे मिशन में अनेकों महिला वैज्ञानिक और इंजीनियर्स सीधे तौर पर जुड़ी रही हैं। इन्होंने अलग-अलग सिस्टम्स के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, प्रोजेक्ट मैनेजर ऐसी कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। भारत की बेटियां अब अनंत समझे जाने वाले अंतरिक्ष को भी चुनौती दे रही हैं। आज हमारे सपने भी बड़े हैं और हमारे प्रयास भी बड़े हैं। चंद्रयान-3 की सफलता में हमारे वैज्ञानिकों के साथ ही दूसरे सेक्टर्स की भी अहम भूमिका रही है।

चंद्रयान-3 की सफलता पर पीएम ने पढ़ी ये कविता

आसमान में सिर उठाकर घने बादलों को चीरकर रोशनी का संकल्प ले अभी तो सूरज उगा है दृढ़ निश्चय के साथ चलकर हर मुश्किल को पार कर घोर अंधेरे को मिटाने अभी तो सूरज उगा है आसमान में सिर उठाकर घने बादलों को चीरकर अभी तो सूरज उगा है।

भारत G-20 लीडर्स समिट के लिए तैयार : PM

पीएम मोदी ने आगे कहा कि सितंबर का महीना भारत की संभावनाओं का गवाह बनने वाला है। भारत जी-20 लीडर्स समिट के लिए पूरी तरह तैयार है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 40 देश और कई वैश्विक संगठन के प्रमुख दिल्ली आएंगे। जी-20 शिखर सम्मेलन के इतिहास में यह सबसे बड़ी भागीदारी होगी। G-20 की अध्यक्षता, जनता की अध्यक्षता है जिसमें जनता की भागीदारी सबसे आगे है। अपनी प्रेसीडेंसी के दौरान भारत ने G-20 को और ज्यादा इन्क्लूसिव फॉरम बनाया है। भारत के निमंत्रण पर ही अफ्रीकन यूनियन भी G-20 से जुड़ी और अफ्रीका के लोगों की आवाज दुनिया के इस अहम प्लेटफॉर्म तक पहुंची। देश के 60 शहरों में इससे जुड़ी करीब-करीब 200 बैठकों का आयोजन किया गया। G-20 डेलीगेट्स जहां भी गए, वहां लोगों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। G-20 की हमारी प्रेसीडेंसी, पीपुल्स प्रेसीडेंसी है, जिसमें जनभागीदारी की भावना सबसे आगे है।

चीन में खेलों में पदक जीतने वाले एथलीटों को बधाई : PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम के 104वें एपिसोड के दौरान चीन में आयोजित विश्व विश्वविद्यालय खेलों में पदक जीतने वाले एथलीटों को बधाई दी और उनसे बातचीत की। खेल एक ऐसा क्षेत्र है जहां हमारे युवा लगातार नई सफलताएं हासिल कर रहे हैं। चीन में आयोजित वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इन खेलों में इस बार भारत की बेस्ट एवर परफॉर्मेंस रही है। हमारे खिलाड़ियों ने कुल 26 पदक जीते, जिनमें से 11 गोल्ड मेडल थे। आपको ये जानकर अच्छा लगेगा कि 1959 से लेकर अब तक जितने वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स हुए हैं, उनमें जीते सभी मेडल्स को जोड़ दें तो भी ये संख्या 18 तक ही पहुंचती है।

पीएम मोदी का संबोधन

  • इस बार 15 अगस्त के दौरान देश ने 'सबका प्रयास' का सामर्थ्य देखा। सभी देशवासियों के प्रयास ने 'हर घर तिरंगा अभियान' को वास्तव में 'हर मन तिरंगा अभियान' बना दिया। तिरंगे के साथ सेल्फी पोस्ट करने में भी इस बार देशवासियों ने नया रिकॉर्ड बना दिया।
  • संस्कृत दुनिया की सबसे प्राचीन भाषाओं में से एक है। इसे कई आधुनिक भाषाओं की जननी भी कहा जाता है। आज लोगों में संस्कृत को लेकर जागरुकता और गर्व का भाव बढ़ा है। इसके पीछे बीते वर्षों में देश का विशेष योगदान भी है।
  • हमारी संस्कृति से जुड़ने की, हमारी परम्परा का बहुत बड़ा सशक्त माध्यम होती है हमारी मातृभाषा। ऐसे ही भारत की एक और मातृभाषा है, गौरवशाली तेलुगू भाषा। 29 अगस्त तेलुगू दिवस मनाया जाएगा। आप सभी को तेलुगू दिवस की बहुत-बहुत बधाई।
  • आज ऐसे बहुत से लोग हैं, जो dairy को अपना कर इसे Diversify कर रहे हैं। राजस्थान के कोटा में dairy farm चला रहे अमनप्रीत सिंह के बारे में भी आपको जरूर जानना चाहिए। उन्होंने डेयरी के साथ बायोगैस पर भी फोकस किया और दो बायोगैस प्लांट्स लगाए।
राष्ट्रीय की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts