कवर्धा के खेतों में घुसा आदमखोर तेंदुआ,4-5 बकरियों का कर चुका शिकार,गांव में दहशत का माहौल

रायपुर/कवर्धा: कवर्धा जिले के जैतपुरी गांव में धान के खेतों के बीच तेंदुआ नजर आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का दावा है कि तेंदुआ गांव के आसपास पहले भी कई बार दिखाई दे चुका है और करीब 4 से 5 बकरियों का शिकार कर चुका है। सूचना के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। तेंदुए को पकड़ने के लिए ट्रेंकूलाइजेशन की तैयारी की जा रही है।
खेतों के बीच दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में हड़कंप
कवर्धा जिले के ग्राम जैतपुरी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब धान के खेतों के बीच ग्रामीणों को तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुए की मौजूदगी की सूचना तेजी से गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में 2 लाख परिवारों के घर का सपना होगा पूरा, शिवराज सिंह चौहान कल सक्ती में देंगे खुशियों की चाबी
पहले भी गांव में दिख चुका है तेंदुआ
ग्रामीणों के मुताबिक यह पहली बार नहीं है जब जैतपुरी इलाके में तेंदुआ नजर आया हो। इससे पहले भी तेंदुआ कई बार गांव और आसपास के क्षेत्र में दिखाई दे चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अब तक करीब 4 से 5 बकरियों का शिकार कर चुका है।
भोरमदेव अभयारण्य से लगा है जैतपुरी
जैतपुरी गांव भोरमदेव अभयारण्य क्षेत्र से लगा हुआ है। जंगल से सटे होने के कारण क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। तेंदुए के लगातार नजर आने से ग्रामीणों में अब सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: चांपा थाने में युवक की मौत से मचा हड़कंप,परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
मौके पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम
तेंदुए की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने की तैयारी में जुटी है।
रायपुर जंगल सफारी से मंगाई जा रही ट्रेंकूलाइजेशन गन
तेंदुए को बेहोश कर पकड़ने के लिए रायपुर स्थित जंगल सफारी से ट्रेंकूलाइजेशन गन मंगाई जा रही है। विभाग के अनुसार गन को जैतपुरी तक पहुंचने में करीब 2 से 3 घंटे का समय लग सकता है। इसके बाद तेंदुए को ट्रेंकूलाइज करने की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: खाली घर में अवैध शराब का बड़ा खेल,4,409 बोतलें,3,380 ढक्कन और हजारों होलोग्राम बरामद
DFO निखिल अग्रवाल मौके पर मौजूद
मौके पर वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल सहित वन विभाग की टीम मौजूद है। टीम तेंदुए की लोकेशन और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
तेंदुए को देखने उमड़ा ग्रामीणों का हुजूम
तेंदुए की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए हैं। लोग तेंदुए को देखने के साथ उसकी गतिविधियों पर नजर रखने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि वन विभाग ने ग्रामीणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और तेंदुए के नजदीक नहीं जाने की अपील की है।
वन विभाग की अपील,सतर्क रहें, पास न जाएं
वन विभाग ने ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि तेंदुए के आसपास भीड़ लगाना खतरे को बढ़ा सकता है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे तेंदुए का पीछा न करें और उसके करीब जाने की कोशिश बिल्कुल न करें।
यह भी पढ़ें: बेटी से दुष्कर्म करने वाले पिता को अंतिम सांस तक उम्रकैद, रायपुर कोर्ट का सख्त फैसला।
बड़ा सवाल: गांव के बीच क्यों पहुंच रहा तेंदुआ?
भोरमदेव अभयारण्य से लगे इलाके में तेंदुए की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल वन विभाग की प्राथमिकता तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़कर ग्रामीणों को राहत दिलाना है।




















