सूरजपुर में चरित्र पर शक कर दूसरे पति ने महिला को बेरहमी से पीटा, अधमरी हालत में जंगल में छोड़ा

रायपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले पति और बच्ची को छोड़कर दूसरे व्यक्ति से मंदिर में शादी करने वाली महिला को उसके दूसरे पति ने चरित्र पर शक के चलते बेरहमी से पीटा और बड़सरा जंगल में अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गया। महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है और एक उंगली भी कट गई है। ग्रामीणों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छह महीने पहले पहले पति और बच्ची को छोड़कर चली गई थी महिला
मामला सूरजपुर जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कोरिया जिले के झलियाडांड की रहने वाली महिला करीब छह महीने पहले अपने पहले पति और बच्ची को छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसने बैकुंठपुर निवासी राकेश साहू के साथ मंदिर में शादी कर ली। दोनों पिछले छह महीने से साथ रह रहे थे और इस दौरान उनके बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
घूमाने के बहाने जंगल ले गया, फिर बेरहमी से की पिटाई
आरोप है कि बीते दिनों राकेश साहू महिला को घुमाने के बहाने बड़सरा जंगल ले गया। वहां चरित्र पर शक जताते हुए उसने महिला के साथ जमकर मारपीट की। महिला को मरा हुआ समझकर आरोपी उसे जंगल में ही छोड़कर फरार हो गया। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उसकी एक उंगली भी कट गई।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, जिला चिकित्सालय में इलाज जारी
जंगल में घायल अवस्था में मिली महिला को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय सूरजपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला का उपचार जारी है।
संबंधित खबर: रिलेशनशिप से इनकार पर बौखलाईं 4 सहेलियां, छात्रा को घेरा और बेरहमी से पीटा… VIDEO वायरल
बच्ची की खातिर पहले पति ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
इस मामले में महिला का पहला पति भी सामने आया है। उसने बताया कि महिला पिछले छह महीने से लापता थी और इस संबंध में उसने बैकुंठपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। अब महिला के घायल होने की जानकारी सामने आने के बाद वह बच्ची की खातिर उसके साथ खड़ा नजर आया।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध, जांच शुरू
मामले में घायल महिला ने अपने दूसरे पति राकेश साहू पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा के मुताबिक, पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















