Mahakumbh 2025 : संगम में आज डुबकी लगाएंगे मुकेश अंबानी, 6 चार्टर प्लेन से प्रयागराज पहुंचेगा परिवार, महाकुंभ में अब तक 45 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया स्नान

प्रयागराज। महाकुंभ में स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी है। मंगलवार को महाकुंभ का 30वां दिन है। 13 जनवरी से अब तक 45 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। वहीं इसी कड़ी में आज रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) मुकेश अंबानी पत्नी, बेटों और बहुओं के साथ प्रयागराज आएंगे। यहां वे सपरिवार संगम में डुबकी लगाएंगे, जिसके बाद वे सीधे निरंजनी अखाड़े के शिविर में जाएंगे। जहां वे अखाड़े के पीठाधीश्वर कैलाशानंद गिरी महराज से मिलेंगे और शिविर में परिवार के साथ भोजन सेवा देंगे।
6 चार्टर प्लेन से पहुंचेगा अंबानी परिवार
जानकारी के मुताबिक, अंबानी परिवार दोपहर तीन बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचेगा। 6 चार्टर प्लेन से अंबानी परिवार संगम नगरी पहुंचेगा। यहां से त्रिवेणी स्नान के बाद शिविर जाएंगे। करीब चार घंटे के कार्यक्रम में वे विभिन्न गतिविधियों में शामिल होंगे। यहां त्रिवेणी स्नान करेंगे। इसके बाद सेक्टर नौ स्थित निरंजनी पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि के शिविर में भोजन सेवा कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
मेला क्षेत्र को नो-व्हीकल जोन घोषित
वहीं महाकुंभ मेला में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार जारी है। वहीं आगामी 12 फरवरी को माघी पूर्णिमा पर स्नान पर्व पर अपार भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए मेला क्षेत्र को नो-व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है। साथ ही यातायात डायवर्जन का भी रूट तैयार किया गया है। मेला क्षेत्र में 11 फरवरी को 4 बजे से आवश्यक एवं आकस्मिक सेवाओं के अतिरिक्त संपूर्ण मेला क्षेत्र में नो-व्हीकल जोन घोषित रहेगा। आने वाले श्रद्धालुओं को जाम न झेलना पड़े। उक्त व्यवस्था में आवश्यक एवं आकस्मिक सेवाओं के वाहनों को छूट रहेगी। योगी ने सोमवार शाम को महाकुंभ को लेकर समीक्षा बैठक की। कहा- माघ पूर्णिमा पर ट्रैफिक और क्राउड मैनेजमेंट के नियम सख्ती से लागू करें। सड़कों पर वाहनों की कतार नहीं लगनी चाहिए, न ही जाम की स्थिति होनी चाहिए।
महाकुंभ में स्नानार्थियों की संख्या 45 करोड़ पार
प्रयागराज में तीनों अमृत स्नान (मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी) के बाद भी श्रद्धालुओं/स्नानार्थियों के जोश और उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है। पूरे देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से पवित्र त्रिवेणी में श्रद्धा और आस्था के साथ डुबकी लगाकर पुण्य प्राप्त करने के लिए श्रद्धालु प्रतिदिन लाखों, करोड़ों की संख्या में प्रयागराज पहुंच रहे हैं। बसंत पंचमी के अंतिम अमृत स्नान पर्व के बाद भी श्रद्धा का जबरदस्त उत्साह लोगों को संगम तट तक खींच कर ला रहा है। मंगलवार, 11 फरवरी को सुबह 8 बजे तक 49.68 लाख लोगों ने त्रिवेणी में स्नान किया। इसके बाद कुल स्नानार्थियों की संख्या 45 करोड़ के ऊपर पहुंच गई है। स्नानार्थियों में 10 लाख कल्पवासियों के साथ-साथ देश-विदेश से आए श्रद्धालु एवं साधु-संत शामिल रहे। अभी महाकुम्भ को 15 दिन और दो महत्वपूर्ण स्नान पर्व शेष हैं और पूरी उम्मीद है कि स्नानार्थियों की संख्या 50-55 करोड़ के ऊपर जा सकती है।





















