Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महादेव बेटिंग ऐप केस : आज ED के सामने पेश नहीं होंगे Ranbir Kapoor, एक्ट्रेस Shraddha Kapoor को भी भेजा समन; ईडी की रडार पर हैं कई सेलेब्स

Follow on Google News
महादेव बेटिंग ऐप केस : आज ED के सामने पेश नहीं होंगे Ranbir Kapoor, एक्ट्रेस Shraddha Kapoor को भी भेजा समन; ईडी की रडार पर हैं कई सेलेब्स
एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड टाउन के कई सितारों का नाम इस समय महादेव ऐप केस को लेकर सुर्खियों में हैं। कई नामी सितारों को ईडी ने समन भेजा है। रणबीर कपूर के अलावा श्रद्धा कपूर, कपिल शर्मा, हिना खान और हुमा कुरैशी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। रणबीर कपूर को आज पेश होना था, लेकिन उन्होंने दो हफ्तों का समय मांगा है। वहीं श्रद्धा कपूर को भी ED ने 6 अक्टूबर को ही पूछताछ के लिए बुलाया है।

रणबीर कपूर ने मांगा दो हफ्ते का समय

प्रवर्तन निदेशालय छत्तीसगढ़ के महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कई सितारों पर शिकंजा कसा है। इस केस में एक्टर रणबीर कपूर का नाम सबसे पहले सामने आया था। ईडी ने एक्टर को 6 अक्टूबर को रायपुर कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया था,  लेकिन एक्टर ने मेल के जरिए ईडी से 2 हफ्तों का समय मांगा है। हालांकि, एजेंसी ने अब तक तय नहीं किया है कि एक्टर को वह समय देगी या नहीं। वहीं ईडी ने श्रद्धा कपूर को भी 6 अक्टूबर को रायपुर के ईडी ऑफिस में पूछताछ के लिए बुलाया है। हालांकि, एक्ट्रेस की तरफ से इसको लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है।

कपिल, हिना और हुमा को भी ED का समन

कपिल शर्मा, हिना खान और हुमा कुरैशी को भी ईडी ने समन का नोटिस भेजा है। जानकारी के मुताबिक ईडी ने उन्हें 5 अक्टूबर को पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन इन तीनों ने भी पेश होने के लिए 2 हफ्ते का समय मांगा है।

केस में इन सेलेब्स का भी नाम शामिल

इस केस में रणबीर कपूर के अलावा 15-20 सेलेब्स के भी नाम सामने आए हैं, जो ईडी के रडार पर हैं। इस लिस्ट में आतिफ असलम, राहत फतेह अली खान, अली असगर, विशाल ददलानी, टाइगर श्रॉफ, नेहा कक्कड़, भारती सिंह, एली अवराम, सनी लियोनी, भाग्यश्री, पल्कित सम्राट, कीर्ति खरबंदा, नुसरत भरूचा और कृष्णा अभिषेक का नाम शामिल है। इन सभी से पूछताछ हो सकती है। इन दिनों ED 5 हजार करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में दुबई से ऑनलाइन बैटिंग ऐप चलाने वाले सौरभ चंद्राकर और उसके बिजनेस पार्टनर रवि उप्पल के खिलाफ जांच कर रही है। ED इस बात की भी जांच कर रही है कि जितने भी कलाकारों ने महादेव बुक ऐप नामक ऑनलाइन गेमिंग ऐप का प्रमोशन किया है, उन्हें किस माध्यम से पेमेंट किया गया कैश या फिर ऑनलाइन। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि, ऐप का प्रचार और प्रसार करने के लिए इन्हें मोटी रकम दी गई थी। इसके साथ ही वो पैसे प्रोसिड्स ऑफ क्राइम का हिस्सा थे या नहीं इसकी भी जांच की जा रही है।

शादी में खर्च किए थे 200 करोड़ रुपए

‘महादेव गेमिंग-बेटिंग’ एक ऑनलाइन सट्टेबाजी का प्लेटफॉर्म है। फरवरी में इस ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की शादी संयुक्त अरब अमीरात में हुई थी। जिसमें 200 करोड़ से ज्यादा का खर्च किया गया था। शादी में इन सभी सेलेब्स ने परफॉर्म किया था, जिसके लिए इन्हें मोटी रकम भी दी गई थी। इस आलीशान शादी का वीडियो भारतीय एजेंसियों के हाथ लगा है। शादी में परफॉर्म करने के लिए जितने भी सेलेब्स बुलाए गए थे, वे सभी अब रडार पर आ गए हैं।

ईडी ने कई शहरों में की थी छापेमारी

इस शादी को मुंबई की इवेंट कंपनी R1 इवेंट ने ऑर्गेनाइज किया था। मुंबई में इस कंपनी के दफ्तर पर ईडी ने छापेमारी भी की है। ईडी ने कुछ दिनों पहले मुंबई, भोपाल, कोलकाता के उन हवाला ऑपरेटरों के यहां छापे मारे। जिन्होंने इस इवेंट के लिए रकम मुंबई की इवेंट फर्म को भेजी थी। सिंगर नेहा कक्कड़, सुखविंदर सिंह, अभिनेता भारती सिंह और भाग्यश्री को परफॉर्म करने के लिए यहां से पेमेंट किया गया था। कंपनी को सौरभ चंद्राकर ने अवैध तरीके से हवाला के जरिए 112 करोड़ रुपए पहुंचाए थे। ईडी की जांच में सामने आया कि, कई लोग हैं जो महादेव ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क से जुड़े हैं। इसके अलावा महादेव बुक ऐप और सट्टेबाजी का यह मामला छत्तीसगढ़ के कुछ पॉलिटीशियन्स, पुलिस ऑफिसर्स और राजनेताओं के साथियों से भी जुड़ा हुआ है। ईडी, महादेव ऑनलाइन गेमिंग-बेटिंग ऐप की डीपली जांच कर रहा है। इस सट्टेबाजी ऐप का टर्नओवर करीब 20000 करोड़ रुपए है। हाल ही में ईडी की टीम ने रायपुर, कोलकाता, भोपाल, मुंबई के अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 417 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त कर ली है। भोपाल में धीरज आहूजा और विशाल आहूजा की मेसर्स रैपिड ट्रैवल्स के यहां तलाशी ली गई, जहां सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के परिवार वालों का दुबई आना-जाना, ठहरना और बॉलीवुड सेलेब्स समेत कई जानकारी मिली है।

क्या है पूरा मामला

छत्तीसगढ़ के रहने वाले सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल मनी लॉन्ड्रिंग केस में वांटेड हैं। छत्तीसगढ़ के भिलाई में सौरभ कभी जूस बेचा करता था। चंद्राकर ने दुबई के एक 7 स्टार होटल में 18 सितंबर 2022 को एक पार्टी दी थी। जिसमें कुछ बॉलीवुड सेलेब्स भी शामिल हुए थे, जिसके लिए उन्होंने 40 करोड़ रुपए चार्ज किए थे। सौरभ ने इसी साल फरवरी में हुई अपनी शादी में अपने परिवार वालों को नागपुर से प्राइवेट जेट्स के जरिए दुबई बुलाया था। मुंबई से बॉलीवुड सेलेब्स, वेडिंग प्लानर्स, डांसर्स और डेकोरेटर्स भी दुबई पहुंचे थे। इन 17 सेलेब्स ने इसी शादी में परफॉर्म किया था। पिछले साल दिसंबर से चल रही इस केस की इन्वेस्टिगेशन में अब बॉलीवुड कनेक्शन सामने आया है। महादेव ऑनलाइन बैटिंग ऐप के प्रमोटर्स दुबई से हैं जहां बैटिंग अवैध है। इसे 30 सेंटर्स से ऑपरेट किया जाता है। इस के प्रमोटर्स दुबई से हैं जहां बैटिंग अवैध है। (इनपुट - सोनाली राय) ये भी पढ़ें- रणबीर कपूर को ED का समन : ऑनलाइन गेमिंग मामले में 6 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया; टाइगर श्रॉफ-सनी लियोनी समेत रडार पर कई स्टार
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts