मैगी में कीड़े मिलने के बाद बड़ा एक्शन:FSSAI ने नेस्ले और KFC को भेजा नोटिस, कंपनी से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

भारत के खाद्य सुरक्षा नियामक FSSAI ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई शिकायतों के बाद बड़ा एक्शन लेते हुए नेस्ले इंडिया, KFC, फ्लिपकार्ट इंडिया और ओपन सीक्रेट जैसी कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सबसे गंभीर मामला नेस्ले के लोकप्रिय ब्रांड मैगी से जुड़ा है, जिसमें एक उपभोक्ता ने पैकेट के अंदर जिंदा कीड़े (लार्वा) मिलने का दावा किया था। FSSAI ने इस शिकायत को गंभीर मानते हुए नेस्ले इंडिया से तुरंत विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है। वहीं KFC को साफ-सफाई और हाइजीन से जुड़े मामलों पर नोटिस भेजा गया है। इसके अलावा फ्लिपकार्ट इंडिया और ओपन सीक्रेट को खजूर आधारित प्रोडक्ट में कीड़े मिलने की शिकायत पर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
नेस्ले से मांगी गई विस्तृत रिपोर्ट
FSSAI ने नेस्ले इंडिया से तीन बिंदुओं पर मांगी जानकारी
1. कच्चे माल और क्वालिटी चेक की जानकारी
कंपनी को यह बताना होगा कि जिस बैच में शिकायत मिली, उसका कच्चा माल किस सप्लायर से आया था। साथ ही पैकेट बाजार में भेजने से पहले कंपनी ने कौन-कौन से क्वालिटी टेस्ट किए थे उनके रिकॉर्ड भी जमा करने होंगे।
2. बाजार से प्रभावित स्टॉक हटाने के निर्देश
FSSAI ने पूछा है कि कंपनी ने शिकायत वाले बैच को सप्लाई चेन और बाजार से हटाने के लिए क्या कदम उठाए हैं ताकि संभावित रूप से प्रभावित प्रोडक्ट ग्राहकों तक न पहुंचे।
3. भविष्य के लिए नई सुरक्षा व्यवस्था
रेगुलेटर ने यह भी पूछा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कंपनी अपने क्वालिटी कंट्रोल सिस्टम में क्या बदलाव करने जा रही है।
2015 जैसा संकट फिर चर्चा में
मैगी नेस्ले इंडिया का सबसे बड़ा और सबसे ज्यादा बिकने वाला ब्रांड है। ऐसे में यह मामला कंपनी की साख के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। साल 2015 में भी मैगी विवादों में आई थी, जब FSSAI ने लेड (सीसा) की अधिक मात्रा और MSG लेबलिंग विवाद के चलते देशभर से मैगी वापस मंगाने का आदेश दिया था। उस विवाद के बाद कंपनी को बिक्री और भरोसे दोनों में भारी नुकसान झेलना पड़ा था। अब सोशल मीडिया पर वायरल शिकायत के बाद आया यह नया नोटिस कंपनी के लिए फिर चिंता बढ़ाने वाला माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: इंदौर: मोबाइल में ऐप डाउनलोड करना पड़ा भारी, छात्रा के खाते से उड़ाएं 1.45 लाख रुपए
KFC और ओपन सीक्रेट भी जांच के दायरे में
FSSAI ने KFC को आउटलेट्स में साफ-सफाई और हाइजीन से जुड़े मामलों पर नोटिस भेजा है। वहीं ओपन सीक्रेट और फ्लिपकार्ट इंडिया को खजूर आधारित एक प्रोडक्ट में कीड़े मिलने की शिकायत पर जवाब देने के लिए कहा गया है। रेगुलेटर अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए सीधे जांच और कार्रवाई कर रहा है।
ये भी पढ़ें: क्या खत्म हो जाएगी पावर बैंक की जरूरत? 8000mAh बैटरी के साथ टेक्नो का बड़ा दांव
सोशल मीडिया पोस्ट अब कंपनियों के लिए बड़ा जोखिम
इन मामलों ने यह साफ कर दिया है कि अब सोशल मीडिया पर की गई एक शिकायत भी कंपनियों के लिए बड़ा संकट बन सकती है। पहले उपभोक्ता शिकायतों और आधिकारिक कार्रवाई के बीच लंबा समय लगता था लेकिन अब वायरल पोस्ट सीधे रेगुलेटरी नोटिस में बदल रही हैं। इससे फूड कंपनियों और क्विक सर्विस ब्रांड्स के लिए ऑपरेशनल और प्रतिष्ठा से जुड़ा जोखिम तेजी से बढ़ गया है।












