हरदा में सड़क पर फैली गंदगी से लोग परेशान, कचरा वाहनों को रोका

हरदा। लोगों ने सड़क किनारे कचरा फेंकने का विरोध करते हुए वाहनों को रोक दिया, जिसके बाद मौके पर मुख्य नपा अधिकारी रोशनलाल बॉथम पहुंचे और नाराज लोगों से चर्चा की। लोगों ने बदबू, प्लास्टिक की पन्नियों के आबादी क्षेत्र और खेतों में पहुंचने सहित कई समस्याएं बताईं। अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी से कचरा हटाने और कचरा वाहनों के अंदर जाने का रास्ता साफ करने का काम शुरू किया गया।
कचरा वाहनों को रोककर जताया विरोध
नहालखेड़ा मार्ग पर कचरा फैलने से परेशान स्थानीय रहवासियों और ग्रामीणों ने बुधवार को कचरा ग्राउंड पर पहुंचने वाले वाहनों को रोक दिया। सड़क किनारे कचरा फेंकने नहीं दिया गया और विरोध के दौरान करीब एक दर्जन से ज्यादा कचरा वाहन मार्ग पर कतारबद्ध खड़े रहे।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर के जंगल में अवैध उत्खनन, वन विभाग ने जेसीबी मशीन पकड़ी
मुख्य नपा अधिकारी ने लोगों से की चर्चा
विरोध की सूचना मिलने पर मुख्य नपा अधिकारी रोशनलाल बॉथम मौके पर पहुंचे और नाराज लोगों से चर्चा की। लोगों ने बताया कि सड़क तक फैल चुके कचरे ने यहां से गुजरना दुभर कर दिया है और आते-जाते समय बुरी दुर्गंध आती है।
प्लास्टिक की पन्नियों से खेतों को नुकसान
लोगों ने बताया कि तेज हवा के दौरान प्लास्टिक की पन्नियां आबादी क्षेत्र के साथ ग्राउंड से सटे खेतों तक पहुंच जाती हैं। इससे फसलों के लिए परेशानी खड़ी हो रही है। पड़ोसी किसानों ने कहा कि ग्राउंड का कचरा लगानी जमीन में डाला जा रहा है, जबकि सीमा के तौर पर यहां खंभे लगाए गए हैं।
जेसीबी से हटाया गया सड़क किनारे का कचरा
अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी से कचरा हटाने का काम शुरू किया गया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ मौजूद रही और सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस भी पहुंची। कचरा वाहन आसानी से अंदर पहुंच सकें, इसके लिए रास्ता साफ करने का काम भी शुरू किया गया।
ये भी पढ़ें: भोपाल: UPI पर चार्ज से बिफरे व्यापारी, बोले-कम मुनाफे में अतिरिक्त चार्ज कैसे देंगे?
बारिश में बिगड़ी कचरा ग्राउंड की स्थिति
शहरी सीमा में स्थित कचरा ग्राउंड अब लोगों की प्रमुख समस्या बनकर सामने आया है। बारिश में डंप कचरा भीगने के बाद बदबू आने लगी है। बारिश के चलते कचरा वाहन ग्राउंड के बीचों बीच नहीं पहुंच पा रहे थे, जबकि पक्का मार्ग कचरे और गंदगी से पटा हुआ है। ऐसे में वाहन किनारे पर ही कचरा डंप कर रहे थे।
कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ने कहा कि स्वच्छता और आमजन के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए कई बार आंदोलन किए गए, लेकिन नगर पालिका समस्या का समाधान नहीं कर सकी। नहालखेड़ा निवासी संदीप विश्नोई ने कहा कि करीब दस गांव के लोग रोजाना इस मार्ग से आवाजाही करते हैं और कचरा सड़क तक आ जाने से आने-जाने में दिक्कत होती है। पार्षद प्रतिनिधि भीम उइके ने कहा कि वार्डवासियों की इस ज्वलंत समस्या से कई बार जिम्मेदारों को अवगत कराया गया, लेकिन नतीजा सिफर रहा। अब लोगों के मैदान पकड़ने के बाद नपा प्रशासन हरकत में आया है।




















