Peoples Update Special :रक्षाबंधन से पहले यात्रियों को लग सकता है झटका, निजी बसों का किराया 20 फीसदी तक बढ़ाने की तैयारी

नवीन यादव, इंदौर। भोपाल में परिवहन विभाग और निजी बस ऑपरेटरों के बीच हुई बैठक में किराया संशोधन पर सहमति बनने की जानकारी सामने आई है। अगले सप्ताह नए किराया निर्धारण का नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है। किराया बढ़ने का सबसे अधिक असर रक्षाबंधन पर यात्रा करने वाले यात्रियों और रोजाना बस से सफर करने वालों पर पड़ेगा।
अगले सप्ताह जारी हो सकता है नया नोटिफिकेशन
जानकारी के अनुसार गुरुवार को भोपाल में परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह और निजी बस ऑपरेटरों के प्रतिनिधियों के बीच इस संबंध में अहम बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार बैठक में किराया संशोधन पर सहमति बनी है। इसके बाद परिवहन विभाग नए किराया निर्धारण का नोटिफिकेशन तैयार कर रहा है, जो अगले सप्ताह जारी होने की संभावना है। बस ऑपरेटर एसोसिएशन का कहना है कि प्रस्ताव पर अंतिम मुहर जल्द लग सकती है। यदि ऐसा होता है तो यात्रियों को अधिक किराया चुकाना पड़ेगा।
भीषण हादसे में इंदौर के मेजर मृत: दो लेफ्टिनेंट घायल, घर में पसरा मातम
डीजल और संचालन लागत बढ़ने का दिया जा रहा हवाला
बस ऑपरेटर लंबे समय से डीजल की कीमतों, स्पेयर पार्ट्स, बीमा, कर्मचारियों के वेतन और रखरखाव की बढ़ती लागत का हवाला देकर किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि मौजूदा किराया संचालन लागत के मुकाबले काफी कम है, जिससे बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। उनका दावा है कि केवल डीजल ही नहीं, बल्कि टायर, टैक्स और अन्य खर्चों में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। इसी कारण किराया संशोधन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब इस पर सहमति बनने की बात सामने आई है।
रक्षाबंधन पर यात्रियों की जेब पर पड़ेगा असर
किराया बढ़ने से सबसे ज्यादा असर रोजाना बस से यात्रा करने वाले यात्रियों और रक्षाबंधन पर घर जाने वाले लोगों पर पड़ेगा। त्योहार के दौरान हर साल बड़ी संख्या में लोग बसों से अपने गृह जिलों का सफर करते हैं। ऐसे में किराया बढ़ने से यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक राशि चुकानी पड़ सकती है। बैंक कर्मी पारुल जैन का कहना है कि उन्हें रक्षाबंधन पर जबलपुर जाना है और किराया बढ़ा तो आने-जाने का खर्च और बढ़ जाएगा। उनका कहना है कि महंगाई पहले ही काफी बढ़ चुकी है।
Parliament Monsoon Session: 'छात्रों की आड़ में राजनीति हो रही...', किरेन रिजिजू का हमला
2021 के बाद पहली बार होगा किराया संशोधन
प्रदेश में निजी बसों के किराए में आखिरी बार वर्ष 2021 में संशोधन किया गया था। उस समय डीजल की कीमत करीब 90 से 91 रुपये प्रति लीटर थी, जबकि अब इंदौर में डीजल लगभग 100 रुपये प्रति लीटर पहुंच चुका है। यानी पिछले संशोधन के बाद डीजल करीब 9 से 10 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। बस ऑपरेटरों का कहना है कि बढ़ती लागत के कारण किराया संशोधन जरूरी हो गया है। प्राइम रूट बस ऑनर्स एसोसिएशन के गोविंद शर्मा ने कहा कि बैठक में किराया बढ़ाने पर सहमति बन गई है और अगले सप्ताह नोटिफिकेशन जारी हो सकता है।
20 फीसदी किराया बढ़ा तो इतना होगा नया किराया
अगर प्रस्तावित 20 प्रतिशत किराया वृद्धि लागू होती है तो यात्रियों को विभिन्न रूटों पर पहले से अधिक किराया देना होगा। इंदौर से भोपाल का वर्तमान किराया 414 रुपये है, जो बढ़कर करीब 497 से 500 रुपये हो सकता है। इंदौर से जबलपुर का किराया 1400 रुपये से बढ़कर 1680 रुपये तक पहुंच सकता है। वहीं इंदौर से ग्वालियर का वर्तमान किराया 1000 रुपये से बढ़कर 1200 रुपये होने की संभावना है। हालांकि अंतिम किराया राज्य सरकार की अधिसूचना जारी होने के बाद ही तय होगा।












