बेगमगंज की ऋतु विश्वकर्मा ने रचा इतिहास :बनीं एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड, अब सुप्रीम कोर्ट में सीधे करेंगी पैरवी

बेगमगंज। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले की बेगमगंज तहसील के शिवालय चौक निवासी ऋतु विश्वकर्मा ने भारत के सर्वोच्च न्यायालय की प्रतिष्ठित एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड (AOR) परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर पूरे जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। वे चैतन्य विश्वकर्मा की पत्नी और चेतन आनंद विश्वकर्मा की पुत्री हैं।
AOR देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में शामिल
एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड (AOR) परीक्षा को देश की सबसे कठिन कानूनी परीक्षाओं में से एक माना जाता है। इस परीक्षा में हर वर्ष सीमित संख्या में अधिवक्ता ही सफल हो पाते हैं। जून 2025 में आयोजित इस परीक्षा में सफलता हासिल कर ऋतु विश्वकर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि को अपने नाम किया है।
वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में हैं अधिवक्ता
ऋतु विश्वकर्मा वर्तमान में भारत के सर्वोच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (NLIU), भोपाल से विधि स्नातक (L.L.B) की डिग्री प्राप्त की थी।
देश की प्रमुख लॉ फर्मों में किया काम
कानूनी शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने देश की प्रतिष्ठित विधि फर्म सिरिल अमरचंद मंगलदास और ट्राइलीगल में कार्य करते हुए महत्वपूर्ण कानूनी अनुभव प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने AOR के अधीन अनिवार्य एक वर्ष का प्रशिक्षण पूरा किया और फिर यहएडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड का दर्जा मिलने के बाद ऋतु विश्वकर्मा अब सर्वोच्च न्यायालय में सीधे वकालतनामा दाखिल करने, याचिकाएं प्रस्तुत करने और मामलों की संपूर्ण कानूनी जिम्मेदारी संभालने के लिए अधिकृत होंगी। यह अधिकार उन्होंने प्रतिष्ठित परीक्षा सफलतापूर्वक पास कर लिया है।
अब सुप्रीम कोर्ट में सीधे कर सकेंगी पैरवी
एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड का दर्जा मिलने के बाद ऋतु विश्वकर्मा अब सर्वोच्च न्यायालय में सीधे वकालतनामा दाखिल करने, याचिकाएं प्रस्तुत करने और मामलों की संपूर्ण कानूनी जिम्मेदारी संभालने के लिए अधिकृत होंगी। यह अधिकार केवल AOR अधिवक्ताओं को ही प्राप्त होता है।
मुख्य न्यायाधीश ने दिया ईमानदारी का संदेश
22 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड एसोसिएशन द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्य कांत ने नए AOR अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए उत्कृष्टता, ईमानदारी और निरंतर अध्ययन को अपने पेशे का मूल मंत्र बनाने का संदेश दिया।
जिले के लिए बनी गर्व का विषय
ऋतु विश्वकर्मा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बेगमगंज अभिभाषक संघ, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, जनपद अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह तोमर, अजय जाट, सुरेश ताम्रकार, कमल साहू, हरि साहू सहित नगर के अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं सबका कहना है कि ऋतु विश्वकर्मा की सफलता न केवल बेगमगंज और रायसेन जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बने गई है।












