ताजा खबरराष्ट्रीयव्यापार जगत

LPG Price Reduced : नए साल से पहले मिली थोड़ी राहत, कमर्शियल LPG सिलेंडर 39.50 रुपए सस्ता, जानें कितने में मिलेगी सिलेंडर

नई दिल्ली। नए साल से पहले एलपीजी सिलेंडर के ग्राहकों को महंगाई में थोड़ी राहत मिली है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में कटौती की है। इसके बाद 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 39.50 रुपए की कटौती की है। वहीं घरेलू एलपीजी सिलेंडर के मामले में दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

आज से ही लागू होगी नई कीमतें

जानकारी के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों ने बताया है कि कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमतें आज यानी 22 दिसंबर से प्रभावी हो गई हैं। इसका मतलब हुआ कि देश के सभी प्रमुख शहरों में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम आज से कम हो गए हैं।

अब महानगरों में इस प्रकार रहेगी कीमत

कर्मशियल सिलेंडर की कीमतों में किए गए बदलाव के बाद सबसे सस्ता सिलेंडर मुंबई में मिल रहा है। जबकि, चेन्नई के ग्राहकों को सबसे ज्यादा कीमत चुकानी होगी। कटौती के बाद जहां मुंबई में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का भाव 1,710 रुपए पर आ गया है। वहीं चेन्नई में प्रभावी कीमत 1,929 रुपए रह गई है। इसी तरह दिल्ली में अब 1,757 रुपए और कोलकाता में 1,868.50 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा।

3 महीने से लगातार बढ़ रहे थे दाम

इससे पहले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे थे। पिछले 3 महीने में इनके दाम 3 बार बढ़ाए जा चुके थे और उस दौरान कीमतें करीब 320 रुपए से ऊपर गई थीं। आखिरी बार इस महीने की पहली तारीख को 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 21-21 रुपए बढ़ाए गए थे। उससे पहले नवंबर महीने में इनके दाम में 101 रुपए की और अक्टूबर में 209 रुपए की बढ़ोतरी की थी।

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं

नए साल से पहले जहां कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हल्की राहत मिली है, तो वहीं दूसरी ओर 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया। रक्षाबंधन के त्योहार से पहले अगस्त महीने में सरकार ने इनकी कीमतों में 200 रुपये की कटौती कर बड़ा तोहफा दिया था।

देश के चार प्रमुख मेट्रो शहरों को देखें तो दिल्ली में 14.20 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर 903 रुपए, कोलकाता में 929 रुपए, मुंबई में 902.50 रुपए और चेन्नई में 918.50 रुपए में मिल रहा है।

ये भी पढ़ें- LPG Price Hike : वोटिंग खत्म होते ही महंगाई का झटका… कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में हुआ इजाफा, जानें कितने बढ़े दाम

संबंधित खबरें...

Back to top button