सोहागपुर : मौसी मां के घर से लौटे भगवान जगन्नाथ, धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकली बहुधा रथ यात्रा

सोहागपुर। आस्था, भक्ति और उल्लास के वातावरण के बीच भगवान श्री जगन्नाथ की पूर्ण रथ यात्रा गुरुवार को नगर में धूमधाम से निकाली गई। नगर के इतिहास में पहली बार निकली श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की जुबां पर गूंजते भजन तू ना संभाले तो हमें कौन संभाले...ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। इस तरह भगवान श्री जगन्नाथ के जयघोष और भजनों से नगर का वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो उठा।
राम-जानकी मंदिर से शुरू हुई यात्रा
शारदा सेवा संघ के तत्वावधान में आयोजित यह पूर्ण रथ यात्रा भगवान श्री जगन्नाथ के मौसी के यहां सात दिवसीय विश्राम के उपरांत रामगंज वार्ड स्थित श्री राम-जानकी मंदिर से प्रारंभ हुई। यात्रा स्टेट हाईवे, वाटिका पेट्रोल पंप, कोर्ट चौराहा, पलकमती नदी पुल, पुराना थाना, पुराना अस्पताल रोड होते हुए बिहारी चौक स्थित अपने आरंभिक स्थल श्री मिश्र जी के मंदिर पहुंची, जहां भगवान श्री जगन्नाथ की विधिवत आरती एवं पूजन-अर्चन किया गया। रथ यात्रा के दौरान परंपरा का निर्वहन करते हुए एक वाहन के माध्यम से श्रद्धालुओं के बीच लगातार खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। मिश्र जी के मंदिर में महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को खिचड़ी, रसगुल्ला, फ्रूटी एवं अन्य मिष्ठान का प्रसाद वितरित किया गया।
ये भी पढ़ें: इंदौर: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से MP के छात्रों में खुशी की लहर
विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों ने की सेवा
रथ यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों ने केले, मिश्री, शीतल जल एवं अन्य सामग्री वितरित कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। मंशा देवी मंदिर के सामने नगर परिषद के कर्मचारियों ने भी जल सेवा कर रथ यात्रा का अभिनंदन किया। यात्रा के मार्ग में विभिन्न मंदिरों एवं घरों के सामने श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। भगवान श्री जगन्नाथ एवं अन्य भक्तिमय गीतों की धुन पर विशेष रूप से मातृशक्ति पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ नृत्य करती हुई दिखाई दी, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया। भगवान श्री जगन्नाथ की इस पूर्ण रथ यात्रा में नगर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में श्रद्धा, सेवा एवं धार्मिक उत्साह का अनुपम दृश्य देखने को मिला।












