Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लोकसभा चुनाव 2024 : 95 सीटों में से पिछली बार 72 पर जीती थी भाजपा

तीसरे चरण के लिए मध्यप्रदेश समेत 13 राज्यों में 7 मई को होगी वोटिंग
Follow on Google News
लोकसभा चुनाव 2024 : 95 सीटों में से पिछली बार 72 पर जीती थी भाजपा

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के दो चरण की 190 सीटों पर उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है। अब बारी तीसरे चरण में मध्यप्रदेश समेत 13 राज्यों की 95 लोकसभा सीटों की है, जहां 7 मई को मतदान है। इस फेज की वोटिंग के बाद आधे से ज्यादा लोकसभा सीटों पर चुनाव पूरा हो जाएगा। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में पहले 94 सीटों पर चुनाव होने थे, लेकिन दूसरे चरण में बैतूल सीट पर बसपा उम्मीदवार के निधन से चुनाव रिक्त हो गया था। अब इस सीट पर तीसरे चरण में चुनाव होना है, जिसके चलते 95 सीट पर चुनाव हो रहे हैं।

बता दें, 2019 के लोकसभा चुनाव में इन 95 सीटों पर होने वाले चुनावी नतीजे को देखें तो भाजपा 72 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। कांग्रेस सिर्फ 4 सीटें ही पा सकी थी। वहीं 19 सीटें अन्य दलों को मिली थीं। बता दें, वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव के बाद से भाजपा का ग्राफ बढ़ा है तो कांग्रेस की सीटें घटी हैं। 2009 में भाजपा ने 47 सीटें जीती थीं और 2014 में यह आंकड़ा बढ़कर 67 सीटों पर पहुंच था।

पूर्व सांसद रामा सिंह ने दिया आरजेडी से इस्तीफा

बिहार के कद्दावर नेता और पूर्व सांसद रामा सिंह ने मंगलवार को आरजेडी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव त्याग पत्र भेज दिया है। रामा सिंह ने हाल ही में राजद की सदस्यता ग्रहण की थी। खबर है कि वह एलजेपी रामविलास में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि रामा सिंह वैशाली या शिवहर से लोकसभा टिकट चाहते थे। टिकट नहीं मिलने के कारण रामा सिंह का आरजेडी से मोह भंग हो गया था। शायद यही वजह हो सकती है, जिस वजह से रामा सिंह ने आरजेडी से इस्तीफा दे दिया है।

जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग सीट पर टला चुनाव

जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर मतदान की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। पहले इस सीट पर तीसरे चरण में 7 मई को वोटिंग होनी थी, लेकिन अब यहां छठे चरण में 25 मई को मतदान किया जाएगा। अपनी पार्टी, जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस, डेमोके्रटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) और भाजपा ने चुनाव आयोग से इस सीट पर 7 मई होने वाला मतदान स्थगित करने का अनुरोध किया था। अनंतनाग-राजौरी संसदीय क्षेत्र में प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण चुनाव के पुनर्निर्धारण की मांग कुछ दलों और उम्मीदवारों के द्वारा की गई थी।

शरद पवार बोले- राहुल गांधी को शहजादे कहने से पहले सोचें पीएम मोदी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पीएम मोदी में भी जुबानी जंग छिड़ी है। इसी दौरान राहुल गांधी को शहजादे कहने पर एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, राहुल को शहजादे कहना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा, पीएम को राहुल गांधी की आलोचना करते समय जरा विचार करना चाहिए। शरद पवार ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का भी हवाला दिया और कहा कि सत्ता कभी किसी एक हाथ में नहीं रहती।

अमित शाह ने कहा- कांग्रेस सरकार प्रज्वल के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही

गृहमंत्री अमित शाह ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार से सवाल किया कि महिलाओं के कथित यौन शोषण के मामले में सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई? शाह ने कहा कि भाजपा महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा, कर्नाटक में कांग्रेस सत्ता में है और यह मामला उनके ध्यान में आया होगा। उसने अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की? हम कार्रवाई नहीं कर सकते क्योंकि कानून-व्यवस्था राज्य का मुद्दा है।

कांग्रेस ने जारी किए चार प्रत्याशियों के नाम, कांगड़ा से आनंद शर्मा और गुरुग्राम से राज बब्बर को टिकट

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव को लेकर 4 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। इसमें कांगड़ा से आनंद शर्मा, गुरुग्राम से राज बब्बर, हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से सतपाल रायजादा और मुंबई नॉर्थ से भूषण पाटिल के नाम का ऐलान किया है। राज बब्बर यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। इस सीट पर राज बब्बर के सामने भाजपा के राव इंद्रजीत सिंह और जेजेपी के प्रत्याशी राहुल यादव फाजिलपुरिया हैं। यहां 25 मई को वोटिंग होनी है।

तीसरे चरण में भाजपा का मजबूत दुर्ग

  • तीसरे चरण में गुजरात की 25 सीटों पर चुनाव है, भाजपा 2014 और 2019 में सभी सीटें जीतने में कामयाब रही थी।
  • मप्र की जिन 9 सीटों पर चुनाव है, उस पर भी भाजपा ने पिछले चुनाव में क्लीन स्वीप किया है।

पिछले चुनाव में यह थी स्थिति

  • कर्नाटक की सभी 14 सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया था।
  • यूपी की 10 में से 8 सीटें भाजपा ने जीती थी।
  • बिहार की 5 सीट भाजपा के पास हैं।
  • महाराष्ट्र की सभी 11 सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा।
  • असम की जिन चार सीटों पर चुनाव होने हैं, उसमें एक सीट पर बदरुद्दीन अजमल का कब्जा है और बाकी तीन सीटें एनडीए के पास हैं।
  • पिछले लोस चुनाव में छत्तीसगढ़ में 7 में से भाजपा 6 सीटें जीती थी।
People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts