UFO या अमेरिका की सीक्रेट वॉर मशीन? Lockheed Martin के Vectis ने बढ़ाई हलचल

वॉशिंगटन। दुनिया की सबसे बड़ी रक्षा और एयरोस्पेस कंपनियों में से एक लॉकहीड मार्टिन ने एक नए मिलिट्री प्लेन को विश्व के सामने लाया है। इसके बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि अमेरिका अब यूएफओ तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है। लॉकहीड मार्टिन ने अपने गुप्त मानवरहित लड़ाकू ड्रोन ‘वेक्टिस’ का खुलासा किया। यह रिमोट कंट्रोल्ड स्टेल्थ विमान अमेरिकी जेट विमानों के साथ उड़ान भरेगा। यह फाइटर पायलटों के साथ मिलकर युद्ध में भाग लेगा। लॉकहीड के अनुसार, 2027 तक पांच वेक्टिस (Vectis) ड्रोन बनाए जाएंगे।
वाशिंगटन डीसी में इस विमान को दुनिया के सामने लाने से पहले कंपनी ने एक रहस्यमय संदेश जारी किया। इसमें एक अज्ञात यान की आकृति दिखाई गई थी। इसमें यह दावा किया कि उसके टॉप सीक्रेट डिपार्टमेंट, स्कंक वर्क्स द्वारा नेक्स्ट स्टेज अनलॉक की गई है। कंपनी का दावा है कि ये अमेरिकी सेना को एक ऐसा क्रांतिकारी एयरक्राफ्ट देंगे जो दूसरे फाइटर प्लेन से लड़ सकता है। फाइटर प्लेन की तरह जमीन पर मौजूद टारगेट पर बम गिरा सकता है या जासूसी विमान का काम भी कर सकता है।
सोशल मीडिया पर होने लगी चर्चा
सोशल मीडिया पर विमान की पोस्ट देखने वाले कई लोगों ने तुरंत यह दावा करना शुरू कर दिया कि डिफेंस कॉन्ट्रैक्टर (लॉकहीड मार्टिन) अभी भी ऐसे डिजाइन छिपा रहा है जिन्हें क्रैश हुए UFO के पार्ट्स का इस्तेमाल करके बनाया गया है। इसके लिए रिवर्स-इंजीनियरिंग का प्रयोग किया गया है। एक व्यक्ति ने कहा- अब हमें रिवर्स-इंजीनियरिंग से बना एयरक्राफ्ट दिखाओ। एक और व्यक्ति ने कहा- अब हमें वह एंटी-ग्रेविटी एयरक्राफ्ट दिखाओ जिसे आप पिछले 70 सालों से जनता से छिपा रहे हैं। वहीं, डिफेंस कॉन्ट्रैक्टर के एक पूर्व कर्मचारी ने दावा किया है कि ये अफवाहें सच हैं।
लॉकहीड मार्टिन और टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स के पूर्व इंजीनियर बॉयड बुशमैन (2014 में निधन हो गया था) ने सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि उन्होंने स्पेसक्राफ्ट की रिवर्स इंजीनियरिंग के लिए दिन-रात UFO और एलियंस के साथ काम किया था।
समंदर में चीन की नई चाल! 205 मीटर के 'मदरशिप' से दूर तक भेजे जाएंगे अंडरवॉटर ड्रोन
एलियंस के साथ फोटो भी दिखाए थे
मरने से ठीक पहले बुशमैन ने कुछ तस्वीरें भी दिखाईं, जिन्हें उन्होंने एलियंस की तस्वीरें बताया था। उन्होंने कहा था कि एलियंस 5 फीट से 5 फीट 4 इंच के होते हैं। उन्होंने नेवादा रेगिस्तान में 'एरिया 51' पर गुप्त प्रोजेक्ट्स में काम किया था। हालांकि बुशमैन के दावों की पुष्टि कभी नहीं हुई।
अमेरिका ने नहीं माना यूएफओ हैं
सेना के व्हिसलब्लोअर्स और CIA के पूर्व वैज्ञानिकों के दावों के बावजूद व्हाइट हाउस और पेंटागन का कहना है कि UFO का कोई भी ठोस सबूत कभी नहीं मिला है। लॉकहीड ने शायद ही कभी ऐसे दावों पर कोई टिप्पणी की है कि उसके गुप्त रिसर्च डिवीजन का एलियन से जुड़ी किसी चीज़ से कोई संबंध है। 2023 में एक प्रवक्ता ने कहा था- UAP (अनआइडेंटिफाइड एरियल फेनोमेना) से जुड़े सवालों का जवाब अमेरिकी सरकार ही बेहतर ढंग से दे सकती है।
यह विमान बनाता है लॉकहीड
लॉकहीड मार्टिन मुख्य रूप से F-35 फाइटर जेट, F-22 रैप्टर और C-130 ट्रांसपोर्ट प्लेन बनाने के लिए जाना जाता है। नए विमान के बारे में लॉकहीड ने दावा किया कि वेक्टिस अनमैन्ड फाइटर्स अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए घातक क्षमता, जीवित रहने की क्षमता, अनुकूलनशीलता (कॉम्पैटेबिलिटी) और ऑपरेशनल फ्लेक्सिबिलिटी का एक नया स्तर प्रदान करेंगे।
जानें कितना बड़ा है यह प्लेन
इसके स्पेस-एज एयरक्राफ्ट का डिजाइन बिना टेल वाला और फ्लाइंग-विंग जैसा है। इससे इसकी स्टेल्थ क्षमता बढ़ती है। इसमें आम फाइटर जेट्स के मुकाबले हवा का घर्षण (ड्रैग) कम होता है। वेक्टिस की बॉडी के ऊपरी हिस्से में एक छिपा हुआ इंजन इनटेक भी है। इससे दुश्मन के रडार के लिए इसे पकड़ पाना मुश्किल हो जाता है।
यह बिना पायलट वाला एयरक्राफ्ट लगभग 34 फीट लंबा है और इसके पंखों का फैलाव (विंग्सपैन) 38 फीट है। इसकी लंबाई MQ-9 रीपर ड्रोन के बराबर है और पंखों का फैलाव F-35 जैसा है।




















