ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के मेहमान करेंगे एशियाटिक शेरों दीदार, गुजरात के जूनागढ़ से लाए गए थे शेर, पहली बार बाड़े में छोड़े गए

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) में शामिल होने आए देश-विदेश के मेहमान अब भोपाल में एशियाटिक शेरों को भी देख सकेंगे। 24-25 फरवरी को होने वाली इस समिट के मद्देनजर शनिवार सुबह शेरों के जोड़े को बाड़े में छोड़ दिया गया। हाउस से बाहर आते ही ये शेर मस्ती करने लगे। नर शेर का नाम 'जूना' और मादा का नाम 'गिरी' है। ये दोनों गुजरात के जूनागढ़ से दिसंबर में लाए गए थे और अब एक ही बाड़े में रह रहे हैं।
मानव संग्रहालय में हो रहा GIS का आयोजन
समिट का आयोजन मानव संग्रहालय में हो रहा है, जो वन विहार से सटा हुआ है। इसी कारण मेहमानों को वन विहार का दौरा भी कराया जाएगा, जहां वे पहली बार इस शेर जोड़े को देख सकेंगे। इस समिट में 20,000 से अधिक उद्योगपति शामिल होंगे, जिनमें अडाणी, अंबानी, बिड़ला और महिंद्रा जैसे बड़े कारोबारी भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समिट का उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन समारोह में गृह मंत्री अमित शाह उपस्थित रहेंगे।





















