Katni Fire Accident: कटनी के बरही में आग से 6 लोगों की मौत, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश; बनी चार सदस्यीय टीम

कटनी जिले के बरही नगर में अग्रवाल परिवार के घर और क्रॉकरी दुकान में लगी आग से 6 लोगों की मौत के मामले में कलेक्टर आशीष तिवारी ने जांच के आदेश दिए हैं। घटना की सच्चाई पता लगाने के लिए चार अधिकारियों की एक टीम बनाई गई है। इस टीम की अगुवाई अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र करेंगे। टीम को 30 दिन के अंदर अपनी रिपोर्ट देनी होगी। जांच में पता लगाया जाएगा कि आग कैसे लगी और हादसे के पीछे किसी की लापरवाही तो नहीं थी।
जांच के लिए बनी 4 अधिकारियों की टीम
कलेक्टर ने रविवार रात जांच के आदेश जारी किए। इसके बाद अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र की अध्यक्षता में चार सदस्यीय टीम बनाई गई है। इस टीम में ये अधिकारी शामिल हैं-
- अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र (अध्यक्ष)
- एसडीओपी विजयराघवगढ़ विजय धारेवे
- सीएमओ कैमोर मनीष परते
- विद्युत सुरक्षा विभाग की सहायक यंत्री ज्योति यादव
आग लगने की वजह का पता लगाएगी टीम
यह हादसा बरही निवासी पूरनलाल पिता भगवत प्रसाद के घर में हुआ था। उनके मकान में ही क्रॉकरी की दुकान भी चलती थी। आग इतनी भीषण थी कि इस हादसे में छह लोगों की जान चली गई। अब जांच टीम पता लगाएगी कि आग किस वजह से लगी थी और हादसे के समय वहां क्या हालात थे। इसके साथ ही घर और दुकान में आग से बचाव के इंतजामों की भी जांच होगी। टीम यह भी देखेगी कि मकान और दुकान में जरूरी सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
बचाव कार्य में कहां हुई चूक, इसकी भी होगी जांच
जांच के दौरान पुलिस, राजस्व और दमकल विभाग के काम की भी समीक्षा होगी। टीम यह पता लगाएगी कि आग लगने के बाद लोगों को बचाने के लिए क्या कदम उठाए गए थे। इसके अलावा यह भी जांच होगी कि हादसे में किसी अधिकारी, कर्मचारी या दूसरे व्यक्ति की लापरवाही तो नहीं रही। अगर किसी की गलती सामने आती है तो उसकी जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
चश्मदीदों से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच
जांच टीम हादसे के समय मौजूद लोगों, चश्मदीदों और प्रभावित परिवार के लोगों से बात करेगी। उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही सरकारी विभागों के रिकॉर्ड और घटना से जुड़े दूसरे सबूत भी देखे जाएंगे। टीम अपनी रिपोर्ट में बताएगी कि आग कैसे लगी, हादसे के लिए कौन जिम्मेदार था और कहां लापरवाही हुई। इसके साथ ही भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए जरूरी सुझाव भी देगी।
कैसे हुआ बरही अग्निकांड?
दीपावली की रात बरही में उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में आधी रात के करीब अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग के साथ उठे घने धुएं से परिवार के सदस्यों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला और सभी अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही बचाव कार्य शुरू किया गया। इस हादसे में कुल 6 लोगों की जान चली गई। रातभर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान सुबह करीब 4:30 बजे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से मकान की दीवार तोड़कर परिवार के पांच अन्य सदस्यों को बाहर निकाला गया। इनमें दो महीने का मासूम भी शामिल था।



















