Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रवि शास्त्री बोले - खेलने और कमेंट्री से ज्यादा मुश्किल है कोचिंग, ऐसा लगता है हमेशा आप पर बंदूक तनी हुई है

पूर्व हेड कोच ने एक इंटरव्यू में बताया कोचिंग का दबाव, देश की उम्मीदें बहुत ज्यादा होती हैं। कहा- जब खिलाड़ी मैदान पर चले जाते हैं तो आपके हाथ में कुछ नहीं रहता।
रवि शास्त्री बोले - खेलने और कमेंट्री से ज्यादा मुश्किल है कोचिंग, ऐसा लगता है हमेशा आप पर बंदूक तनी हुई है
रवि शास्त्री

नई दिल्ली। भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री का मानना है कि क्रिकेट खेलने या कमेंटेटर के तौर पर काम करने की तुलना में कोचिंग करना कहीं ज्यादा मुश्किल है। उन्होंने कहा कि इस काम में बहुत बड़ी जिम्मेदारी और दबाव होता है, क्योंकि एक बार जब खिलाड़ी मैदान पर उतर जाते हैं, तो कोच का उन पर बहुत कम नियंत्रण रह जाता है। अपनी कमेंट्री शैली के लिए मशहूर शास्त्री ने 'स्काई स्पोर्ट्स' के इयान स्मिथ के साथ एक इंटरव्यू में इन तीनों भूमिकाओं पर अपने विचार साझा किए। जब उनसे पूछा गया कि उन्हें सबसे मुश्किल काम कौन सा लगा, तो भारत के पूर्व कोच ने कोचिंग को चुना।

आपके हाथ में कुछ नहीं रहता

 शास्त्री ने कहा- हां, कोचिंग सबसे मुश्किल काम है। देखिए ऐसा इसलिए है क्योंकि एक बार जब खिलाड़ी मैदान पर चले जाते हैं तो आपके हाथ में कुछ नहीं रहता। शास्त्री ने कहा कि कोचिंग के साथ बहुत बड़ी जिम्मेदारी जुड़ी होती है। देश की उम्मीदें बहुत ज्यादा होती हैं। चाहे कोविड हो या न हो, आपको हर मैच जीतना ही होता है। इसलिए आप किसी चीज के पीछे छिप नहीं सकते। उन्होंने इस काम से जुड़े दबाव और अच्छे नतीजे देने से मिलने वाली संतुष्टि के बारे में भी बात की। हमेशा ऐसा लगता है जैसे आपकी कनपटी पर बंदूक तनी हो। लेकिन अगर आप इसे अच्छे से कर दिखाते हैं और सफल हो जाते हैं, तो इसका इनाम बहुत शानदार होता है। शास्त्री ने कहा- यह आपको बहुत सम्मान दिलाता है। साथ ही आप जो काम कर रहे हैं उसका आनंद ले पाते हैं और आपको ऐसा जॉब सैटिस्फैक्शन मिलता है जो किसी और चीज से नहीं मिल सकता।

 कोच रहने के दौरान कई बड़ी जीतों में योगदान

शास्त्री जुलाई 2017 से नवंबर 2021 तक भारत के हेड कोच रहे। उनके कार्यकाल में टीम ने कई बड़े मुकाम हासिल किए, जिनमें ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज की दो ऐतिहासिक जीतें शामिल हैं। भारत ने 2018-19 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान ऑस्ट्रेलिया में अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीती। इसके बाद, 2020-21 में कई खिलाड़ियों के चोटिल होने के बावजूद, टीम ने 2-1 से एक और यादगार सीरीज जीत हासिल की। शास्त्री के मार्गदर्शन में भारत 42 महीनों तक ICC टेस्ट रैंकिंग में नंबर 1 स्थान पर रहा और 2021 में पहली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंचा। टीम 2019 के वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भी पहुंची थी। शास्त्री ने कहा-  हम यहां तभी टिके रह सकते हैं, जब हम अपने काम को लेकर जुनूनी हों।

बताया इतने साल क्यों जुड़े रहे क्रिकेट से

 शास्त्री ने ब्रॉडकास्टिंग में अपने सफर को भी याद किया और बताया कि किस चीज ने उन्हें इतने सालों तक क्रिकेट से जोड़े रखा। उन्होंने कहा कि खेल के प्रति उनका जुनून ही इस खेल के साथ उनके लंबे जुड़ाव का सबसे बड़ा कारण रहा है, जबकि उनके पास दूसरे क्षेत्रों में जाने के भी मौके थे। उन्होंने कहा- यह वाकई कमाल की बात है कि जिंदगी आपको कहा-कहां ले जा सकती है। खासकर क्रिकेट से जुड़ी जिंदगी। इसने हमें पूरी तरह से बांध लिया है। उन्होंने कहा- जाहिर है आप इस खेल से प्यार करते हैं और आप इससे जुड़े रहना भी जानते हैं, क्योंकि भारत में आपके पास खेल से अलग होकर कुछ और करने के ढेरों मौके रहे होंगे।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts