फाल्कन-9 रॉकेट में लीकेज के चलते Axiom-4 मिशन फिर टला, शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक उड़ान पर इंतजार बढ़ा

Axiom Mission 4। भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य अंतरिक्षयात्रियों को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) भेजने के लिए तैयार Axiom-4 मिशन एक बार फिर टल गया है। इस मिशन को स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट से लॉन्च किया जाना था, लेकिन रॉकेट में तकनीकी खामी सामने आने के बाद लॉन्चिंग को रोक दिया गया। रॉकेट के पोस्ट-स्टैटिक बूस्टर टेस्टिंग के दौरान लिक्विड ऑक्सीजन (LOX) के रिसाव की समस्या पाई गई।
इंजीनियरों को चाहिए और समय
SpaceX ने जानकारी दी कि बूस्टर के प्रोपल्शन बे में यह लीकेज परीक्षण के दौरान मिला। इंजीनियरों का कहना है कि इस रिसाव को ठीक करने और सभी जरूरी सुरक्षा जांच पूरी करने में अभी और समय लगेगा। ISRO, Axiom और SpaceX के विशेषज्ञ मिलकर इस समस्या को ठीक करने पर काम कर रहे हैं।
ISRO ने दी आधिकारिक जानकारी
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने कहा कि लॉन्चिंग से पहले फाल्कन-9 रॉकेट पर सात सेकंड का हॉट टेस्ट किया गया था। इसी दौरान लिक्विड ऑक्सीजन के रिसाव का पता चला। ISRO ने बताया कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस रिसाव को ठीक करने के बाद ही अगली लॉन्चिंग तारीख तय की जाएगी।





















