बालाघाट में घरेलू विवाद के बाद बुजुर्ग दंपति ने खाया जहर, अस्पताल में इलाज के दौरान पति-पत्नी की मौत

बालाघाट। जिले के बिरसा थाना क्षेत्र के रमगढ़ी गांव में घरेलू विवाद के बाद बुजुर्ग दंपति द्वारा जहर खाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
शनिवार को पहले पत्नी की मौत हुई, जबकि गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किए गए पति ने देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में पति-पत्नी की मौत से मातम पसरा हुआ है।
विवाद के बाद खाया जहरीला पदार्थ
मृतकों की पहचान रमगढ़ी निवासी सूरजसिंह पिता हरलाल धुर्वे (68) और उनकी पत्नी सुंदरबाई (65) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को घर में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था।
उस समय घर में बुजुर्ग दंपती के साथ उनका बेटा भी मौजूद था। विवाद के कुछ समय बाद दोनों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। जब उनकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन उन्हें तत्काल बिरसा अस्पताल लेकर पहुंचे।
बालाघाट में खेत में कीटनाशक छिड़कने से दो किसानों की मौत, सात दिन तक अस्पताल में चला इलाज
दादा-दादी के बीच हुआ था विवाद
दंपती के पोते साहिल धुर्वे ने बताया कि शुक्रवार को दादा-दादी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों ने जहर खा लिया। अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार को सुंदरबाई की मौत हो गई। वहीं सूरजसिंह की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए बालाघाट जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान देर रात उनकी भी मौत हो गई।
बालाघाट में वीडियो कॉल के दौरान 20 वर्षीय युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने चिकित्सकों से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की। दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में शून्य पर मर्ग कायम किया गया है। संबंधित डायरी आगे की जांच के लिए बिरसा थाना पुलिस को भेजी जाएगी।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल घटना के पीछे घरेलू विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, दंपती ने किन परिस्थितियों में और किस कारण से यह कदम उठाया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि होगी।




















